समस्या और उपेक्षा से नाराज कर्नलगंज एरिया स्थित शुतुरखाना के दलित बस्ती के लोगों ने दी चक्का जाम करने की चेतावनी

ALLAHABAD: कर्नलगंज एरिया स्थित शुतुरखाना के दलित बस्ती में रहने वाले लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। करीब एक माह से उत्पन्न इस समस्या की तरफ जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे। इससे नाराज होकर बुधवार को लोगों ने अधिकारियों को चक्काजाम करने की चेतावनी दी।

हैंडपंप भी हैं खराब

बस्ती में करीब 100 से ज्यादा परिवार बसर करते हैं। पेयजल की व्यवस्था के लिए लगाए गए हैंडपंप कई साल से खराब हैं। इंदिरा देवी, दूधनाथ, संजय कुमार व मुन्नी देवी आदि ने बताया कि बस्ती में करीब महीने भर से पानी की सप्लाई ठप है। पानी के लिए लोग भटक रहे हैं। गला तर करने के लिए लोगों को दूसरे मोहल्लों से पानी लाना पड़ रहा है। बताते हैं कि कई बार इस समस्या की शिकायत वे अधिकारियों से किए। मगर उनकी शिकायतों पर वह ध्यान नहीं दिए। लोगों ने कहा कि यदि अधिकारियों का यही उपेक्षात्मक रवैया बना रहा तो वे चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे।