-33 हजार की लाइन के नीचे 11 हजार की लाइन का तार टूटा आपूर्ति ठप

-बिजली गुल होने से परेशान हुई पब्लिक

-करीब शाम पांच बजे आपूर्ति हुई बहाल

GORAKHPUR: सोमवार को अचानक तार टूट जाने से सुबह से ही पादरी बाजार इलाके की आपूर्ति ठप हो गई। वहीं बिजली निगम की तरफ से एयरफोर्स एरिया की लाइन के बीच पोल लगाने का कार्य चल रहा था। जिसकी सूचना नहीं दी गई थी। इसके चलते छह हजार घरों की बिजली ठप रही। इसके चलते उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम करीब 4.30 बजे लाइन ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई।

बिजली जाने से छूटा पब्लिक का पसीना

सुबह करीब 9.30 बजे 11 केवी की लाइन का अचानक तार टूट गया। इसकी वजह से पादरी बाजार एरियाज की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं उधर बिना सूचना दिए ही एयरफोर्स की लाइन के बीच पोल लगाया जा रहा था। इसके चलते एरियाज की आपूर्ति करीब आठ घंटे तक ठप रही। जिससे उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। उन्होंने फोन कर अफसरों से बिजली आपूर्ति की जानकारी लेने की कोशिश की लेकिन अफसर बात करने से कतराते रहे। देर शाम लाइन ठीक कर आपूर्ति बहाल की गई।

बिजली गुल होने से पानी का संकट

बिजली गुल होने से पादरी बाजार के मानस बिहार, इंद्रप्रस्थपुरम, शताब्दीपुरम, नागेश्वरपुरम, सरस्वतीपुरम आदि कई मुहल्लों में पानी का संकट उत्पन्न हो गया। वहीं उमस भरी गर्मी में लोग परेशान होने लगे।

जंपर टूटने से मुहल्ले में छाया अंधेरा

महानगर के रामजानकीनगर में बीते रात एक फेस का जंपर टूट कर न्यूट्रल में फस गया। जिसके चलते कई घरों में हाई वोल्टेज की समस्या हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद करीब 10 बजे तक फाल्ट ठीक हो सका। वहीं कुछ जगहों पर लोग रात भर लो वोल्टेज से जूझते रहे।

वर्जन

33 केवी की लाइन के नीचे 11 हजार की लाइन है जिसका तार टूट गया। जिससे यह दिक्कत हुई है। उधर एयरफोर्स की लाइन के बीच में पोल लगाने का कार्य चल रहा था। जिसे ठीक करवा कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

एके सिंह, अधीक्षण अभियंता महानगर