-फोर्स की कमी और मजिस्ट्रेट की गैर मौजूदगी के कारण वापस लौटा दस्ता

NAINI (28 June, JNN): नगर निगम और एडीए के संयुक्त अतिक्रमण विरोधी दस्ते पर शनिवार को फूलमंडी में पथराव किया गया। यही नहीं दर्जनों महिलाएं और बच्चे जेसीबी के सामने खड़े हो गए। पुराने यमुना पुल से नैनी को जोड़ने वाले मार्ग को जाम कर दिया गया। लोगों की भीड़ और फोर्स की कमी के कारण आखिरकार दस्ता वापस लौट गया।

नगर निगम और एडीए का तोड़ू दस्ता प्रभारी अधिकारी अतिक्रमण एस एन यादव के नेतृत्व में सुबह लगभग ग्यारह बजे नैनी पहुंचा। दस्ते ने लेप्रसी चौराहे से पुराने पुल की ओर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। दस्ता फूलमंडी पहुंचा तो वहां गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के पास एक शराब की दुकान समेत दर्जन भर टिन शेड और झुग्गी-झोपडि़यों को गिरा दिया गया। इसी बीच लोग घरों को गिराए जाने का विरोध करने लगे। उनका कहना था कि पटरी पर न होने के बाद भी उनके घर गिराए जा रहे हैं।

दर्जनों की संख्या में महिलाएं और बच्चे जेसीबी के सामने खड़े हो गए। दस्ते के साथ मौजूद पुलिस फोर्स ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। उल्टे पथराव शुरू कर दिया गया। इससे पुलिस को बैकपुट पर आना पड़ा। यही नहीं लोगों ने पुराने यमुना पुल से नैनी को जोड़ने वाली सड़क को भी जाम कर दिया गया। लगभग दो सौ लोगों की भीड़ देख अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में अभियान को वहीं समाप्त कर दस्ता वापस लौट गया। अतिक्रमण निरीक्षक पियूष मोहिले ने बताया कि एक घंटे चले अभियान के दौरान ख्0 कच्चे-पक्के निर्माण तोड़े गए। मजिस्ट्रेट की गैरमौजूदगी और फोर्स की कमी के कारण अभियान को रोकना पड़ा। पर्याप्त फोर्स मिलने पर अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।