- धार्मिक स्थल की चारदीवारी पर बनी करीब 42 गुंबद तोड़ी

- हंगामा करते हुए लोगों ने किया मार्ग जाम, सीओ ने खुलवाया

Sardhana : चेहल्लुम के जुलूस से पहले मुस्लिम शिया बाहुल गांव खिर्वा जलालपुर में असामाजिक तत्वों ने फिजा बिगाड़ने का प्रयास किया। धार्मिक स्थल की चारदीवारी पर बनी ब्ख् छोटी गुंबद तोड़ दी गई। इसकी जानकारी मिलने पर संप्रदाय विशेष के लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने धार्मिक नारेबाजी करते हुए खिर्वा रोड जाम कर दी। बाद में सीओ सरधना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। धार्मिक स्थल पर निर्माण कार्य शुरू कराकर पुलिस तैनात कर दी गई है।

खिर्वा गांव के बाहरी छोर पर कब्रिस्तान के निकट स्थित धार्मिक स्थल की चारदीवारी पर करीब ब्ख् गुंबद बनी थी। गुरुवार शाम गांव के धार्मिक स्थल पहुंचे लोगों ने देखा कि सभी गुंबद क्षतिग्रस्त थी। उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी। सुबह मामले की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। जिससे लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मौके पर काफी संख्या में संप्रदाय विशेष के लोग एकत्र हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोग पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर वापस लौट रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने मामले को हल्के में लेने की बात कहते हुए धार्मिक नारेबाजी शुरू कर दी। खिर्वा रोड जाम कर उन्होंने जमकर हंगामा किया और मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। महिलाएं भी धार्मिक स्थल में मातम करने लगी। प्रधान रजी मोहम्मद और सपा नेता शाह अब्बास ने भी लोगों को शांत करने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पर सीओ सरधना श्वेताभ पांडेय और तहसीलदार हेमचंद शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह शांत किया। सीओ ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। लोगों ने रविवार को चेहल्लुम के जुलूस में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग भी रखी। जिसे सीओ ने स्वीकार कर लिया। गांव निवासी वाकिर अली जैद पुत्र जहीर हुसैन जैदी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ श्वेताभ पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।