- आई इंपैक्ट

समाजसेवी अभिषेक दिलाएंगे विजय के दूसरे बच्चे को शिक्षा

नाजरेथ में शुरू हुआ विजय का इलाज, सोमवार को होगी पैर की सर्जरी

ALLAHABAD: एक के बाद एक विजय भाई की चिंताएं दूर होती जा रही हैं। अब समाजसेवी अभिषेक सिंह ने विजय के दूसरे बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाने का जिम्मा लिया है। इसके पहले आरजे निवेश ने विजय के तीन में से एक बच्चे की पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा किया है। उधर, रविवार को नाजरेथ हॉस्पिटल में विजय को समाजसेवी संस्था सहायता मित्र मंडली के सदस्यों ने भर्ती कराया। सोमवार को उनके बाएं पैर की सर्जरी होगी। हॉस्पिटल पूरा इलाज निशुल्क करेगा।

पसीज उठा दिल

आई नेक्स्ट द्वारा पब्लिश विजय की आपबीती पढ़ने के बाद कल्याणी देवी के रहने वाले समाजसेवी और पेशे से वकील अभिषेक सिंह का दिल पसीज उठा। उन्होंने आई नेक्स्ट रिपोर्टर को फोन करके विजय सिंह के एक बच्चे की सालभर की पढ़ाई का खर्च उठाने की बात कही है। उनके इस प्रस्ताव का आई नेक्स्ट ने स्वागत किया है। अभिषेक का कहना है कि ऐसा दुख किसी के जीवन में न आए। उनसे जो बन पड़ेगा, बच्चे की पढ़ाई के लिए करेंगे।

पहले भी मददगार बने हैं अभिषेक

इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता अभिषेक पहले भी कई बार दीन-दुखियों की सहायता कर चुके हैं। इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती लड़की समेत चाय वाले की बेटी के इलाज में आर्थिक सहायता से लेकर परिवार से बिछड़ी कोलकाता की वृद्ध महिला को अपनों से मिलाने के चलते वह चर्चाओं में रहे। वह समाजसेवी संस्था लोक उन्नति समिति के अध्यक्ष होने के साथ महिला उत्पीड़न के प्रति जागरुकता के लिए निशुल्क हेल्पलाइन 9839238666 भी चला रहे हैं। 13 अगस्त को उन्होंने ऑर्गन डोनेशन डे पर मृत्योपरांत अपनी देहदान का संकल्प भी लिया है।

फिर चल सकेंगे विजय

सोमवार को विजय के बाएं पैर की सर्जरी नाजरेथ हॉस्पिटल में होगी। रविवार को सहायता मित्र मंडली के सदस्यों ने विजय को भर्ती कराया। इस दौरान उनकी निशुल्क जांच की गई। खुद फादर रेजीनाल्ड और इसीडोर डिसूजा ने पहुंचकर विजय और उसके परिवार का हालचाल लिया। उन्होंने कहा कि इलाज और सर्जरी पूरी तरह फ्री होगा। बता दें कि इस परिवार की मदद करने की इच्छा है तो विजय के फाफामऊ स्थित कांशीराम आवास कालोनी के मकान नंबर 15/2 पर संपर्क कर सकते हैं या उनके मोबाइल नंबर 9695895713 अथवा सहायता मित्र मंडली के नंबर 9453425799 पर डायल कर सकते हैं।