- प्रेगनेंट होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप

- पुलिस ने हिरासत में लिया आरोपी युवक

आगरा। एक स्कूल संचालक ने मेरठ निवासी छात्रा को अपने झूठे प्यार के जाल में फंसा लिया। शादी का वादा कर अपने घर में उससे शारीरिक संबंध बनाए। प्रेगनेंट होने पर आरोपी की बहन ने छात्रा अबॉर्शन करा दिया। बाद में दहेज की मांग करते हुए युवक अपने वादे से मुकर गया। पीडि़ता शिकायत करने एसपी सिटी के पास पहुंची। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।

एसएससी परीक्षा में हुई थी मुलाकात

नगला तासी, मेरठ निवासी शीतल के पिता किसान हैं। दिल्ली खिचड़ीपुर में एसएससी परीक्षा के दौरान उसकी मुलाकात ट्रांसयमुना कॉलोनी ए ब्लॉक निवासी शैलेंद्र (दोनों काल्पनिक नाम) से हुई थी। शैलेन्द्र स्कूल संचालक है। इसके बाद मोबाइल पर बातचीत शुरू हो गई। शैलेंद्र सात जनवरी 2012 को शीतल से मिलने मेरठ गया। उससे शादी करने का वादा किया।

परिवार वालों से मिलवाया छात्रा को

27 अक्टूबर 2013 को शीतल रेलवे का एग्जाम देने आगरा आई, तब शैलेंद्र ने उसे अपने घर ले जाकर अपने परिवार से मिलवाया। परिवार ने उसे घर की बहू स्वीकार कर लिया। इतना ही नहीं रुकने के लिए घर में ही उसकी व्यवस्था कर दी। आरोप है कि इस दौरान शैलेन्द्र ने मौका पाकर उससे जबरन शारीरिक संबंध बना लिए। पीडि़ता ने युवक की बहन से घटना की शिकायत की, तो उसने शादी कराने का आश्वासन देकर चुप करा दिया।

आगरा में दिलाया कमरा

इसके बाद शीतल ने आगरा के एक कॉलेज में एमएससी में एडमिशन ले लिया। वह अपने परिवार से झगड़ा कर आगरा आ गई। शैलेंद्र ने ही उसे कमरा दिलाया। हर हफ्ते वह उससे मिलने आने लगा। इस दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि शैलेंद्र की बहन ने उसका गर्भपात करा दिया।

शादी के लिए मांगा दहेज

पीडि़ता के मुताबिक शैलेंद्र के परिजनों ने एक दिन घर पर बुलाया और शादी करने के एवज में रुपयों की डिमांड कर दी। आरोप है कि दहेज में स्कॉर्पियो कार व 20 लाख की डिमांड की गई। शैलेंद्र ने भी बिना दहेज के शादी करने से मना कर दिया। वह मेरठ लौट गई।

घर बुला कर बोला हमला

पीडि़ता के मुताबिक छह मई को शैलेंद्र ने उसे अपने घर बुलाया। 14 मई को वह सुबह उसके घर पहुंची। आरोप है कि शैलेंद्र की मां व बहन ने उससे मारपीट की। जान से मारने का प्रयास किया। जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल किया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर रही है।