PATNA: बुधवार रात 12 बजे से महात्मा गांधी सेतु के समानांतर गायघाट स्थित पीपा पुल पर सभी वाहनों का परिचालन रोक दिया गया। यह निर्णय गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू होते ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लिया गया है। वहीं गांधी सेतु पर ओवरटेक करने के दौरान पकड़े जाने पर 600 रुपए का जुर्माना लगाने का फैसला लिया गया है। यह जानकारी यातायात डीएसपी जगदानंद ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि रात से सभी तरह के वाहनों का परिचालन गांधी सेतु के रास्ते होगा। शाम को पुलिस बल ने पुल पर वाहनों के बढ़े दबाव को नियंत्रित किया।

आज सुबह से खुलने लगेगा पीपा पुल

पीपा पुल निर्माण करने वाली कंपनी श्रृष्टि डेवलपर्स के निदेशक शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह से पीपा पुल को खोलने का काम शुरू किया जाएगा। इसके लिए रात में ही पूरी तैयारी कर ली जाएगी। 30 से अधिक कर्मियों को लगाकर चार-पांच दिनों में इस पुल के सभी पीपा को खोल कर खाजेकलां घाट, कंगन घाट समेत अन्य घाटों पर जंजीर से बांधा जाएगा। दिसंबर में इस पुल को फिर से तैयार कर चालू किया जाएगा।

अपराध हुआ गांधी सेतु पर ओवरटेक करना

महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर आने आने वाली समस्याओं से निपटने की जिला प्रशासन ने तैयारियां कर ली है। डीएसपी यातायात जगदानंद ठाकुर ने बताया कि ओवरटेक करते किसी भी वाहन के पकड़े जाने पर न्यूनतम छह सौ रुपया जुर्माना वसूला जाएगा। वाहनों पर नजर रखने के लिए सेतु पर क्विक मोबाइल पुलिस की तैनात की गई है। पटना से हाजीपुर के बीच सेतु के रास्ते आने-जाने वाले सभी तरह के वाहनों का परिचालन कतार में बेहद गति से होगा। यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन को क्विक मोबाइल की पुलिस तुरंत दबोच लेगी। गांधी सेतु पश्चिमी लेन को काटने के चल रहे कार्य को लेकर केवल पूर्वी लेन से ही वाहनों की आवाजाही हो रही है। पीपा पुल बंद होने के बाद इस लेन पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। वाहन खराब होते ही तुरंत इसे पटना की ओर पाया संख्या 46 से पहले तथा हाजीपुर की ओर पाया संख्या एक से पहले खींच कर निकालने के लिए जगह-जगह क्रेन की व्यवस्था की गई है। डीएसपी ने कहा कि दुर्घटना होने पर जख्मी के प्रारंभिक उपचार के लिए सेतु पर एम्बुलेंस की तैनाती की जाएगी।