-दिल्ली से रांची 9.09 बजे आया था इंडिगो का विमान

-9.35 पर 155 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए पुन: भरनी थी उड़ान

-ढाई घंटा विलंब से 12.04 पर विमान ने भरी उड़ान

रांची : पायलट की सूझबूझ के कारण इंडिगो का विमान हादसे का शिकार होने से बच गया। सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लैंड करने के तुरंत बाद ही विमान में खराबी आ गई थी। समय रहते पायलट को विमान के इंजन में तकनीकि खराबी का पता चल गया था, जिस वजह से बड़ा हादसा टल गया। कुछ ही देर में विमान 155 यात्रियों के साथ रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था। इंडिगो की विमान संख्या 6ई-398 निर्धारित समय सुबह 09:09 बजे दिल्ली से रांची एयरपोर्ट पर लैंड किया था। रांची से 155 यात्रियों को लेकर पुन: 9:35 में दिल्ली के लिए उड़ान थी । बोर्डिग शुरु होने से पहले पायलट को विमान की इंजन में घर्षण का आवाज सुनाई दी। पायलट ने फौरन एटीसी से संपर्क कर इंजन में तकनीकि खराबी की आशंका जताई। शीघ्र ही इसकी सूचना इंजीनियर को दी गई। कुछ ही देर में इंडिगो एयरलाइंस की अधिकारी समेत इंजीनियर की टीम मौके पर पहुंच गई। लगभग डेढ़ घंटे की मसक्कत के बाद विमान के इंजन से तकनीकि खराबी को दूर किया गया। विमान के पोर्ट इंजन में तकनीकि फॉल्ट बताया गया। जिस कारण घर्षण आवाज आ रही थी। फॉल्ट दूर करने के बाद विमान को रनवे पर ट्रायल किया गया। पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति दी गई।

यात्रियों को गुजारना पड़ा लंबा वक्त

विमान में खराबी आने के कारण यात्रियों को रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा का समय वेटिंग रूम में गुजारना पड़ा । विमान ने ढाई घंटा विलंब से दोपहर 12 बजकर चार मिनट पर रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरा।

कोलकाता का विमान रांची डायवर्ट

पटना से कोलकाता जानेवाले इंडिगो 6ई-708 को विमान को रांची डायवर्ट किया गया। कोलकाता एयरपोर्ट पर रनवे मेंटिनेंस का काम चलने के कारण ऐसा किया गया। फिलहाल कोलकाता एयरपोर्ट पर एक ही रनवे के सहारे विमान की परिचालन हो रहा है। एयर रनवे व्यस्त होने के कारण एटीसी द्वारा विमान को कोलकाता में उतरने की अनुमति नहीं दी गई। बैकअप एयरपोर्ट होने के कारण कोलकाता एटीसी द्वारा रांची एयरपोर्ट के एटीसी से विमान की लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान ने दोपहर 3 बजकर बीस मिनट पर रांची एयरपोर्ट पर लैंड किया। लगभग पचपन मिनट रुकने के बाद शाम चार बजकर पंद्रह मिनट में कोलकाता के लिए उड़ान भरी।