-पीएम मोदी और राहुल गांधी आएंगे उत्तराखंड

देहरादून, उत्तराखंड में महीनेभर बाद राजनीति का महारण शुरू हो जाएगा। नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी दोनों राज्य में रणभेरी फूकने आने वाले हैं। विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा व कांग्रेस ने अपने शीर्षस्थ नेताओं को राज्य दौरे पर बुलाया है। इधर, दोनों पार्टियों की राज्य इकाईयां अपने नेताओं के आगमन के लिए अभी से तैयारियों पर जुट गई हैं।

सितंबर से चुनावी घमासान

विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक पार्टियां पूरी तरीके से तैयारियों पर जुट गई हैं। भाजपा व कांग्रेस में दून से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर शुरू हो गया है। दो दिन पहले ही भाजपा की जहां पीएम नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में बैठक हुई। वहीं बुधवार को कांग्रेस की भी राहुल गांधी व प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी की उपस्थिति में बैठक हुई। यही वजह है कि चुनाव को देखते हुए दोनों पार्टियां चुनावी रणभेरी में शंखनाद करने के लिए अपने शीर्षस्थ नेताओं को उत्तराखंड में आमंत्रित कर रहे हैं।

लगेगी घोषणाओं की झड़ी

भाजपा के प्रदेश महामंत्री व पूर्व काबिना मंत्री प्रकाश पंत के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर आखिरी व अक्टूबर पहले सप्ताह तक राज्य दौरे पर होंगे। जब वे ऑल वेदर चारधाम यात्रा मार्ग के अलावा कर्णप्रयाग व बागेश्वर रेलवे जैसे बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का भी कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब है, लेकिन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी अक्टूबर में उत्तराखंड दौरे पर आ सकते हैं। जहां वे कांग्रेस के कई कार्यक्रमों में शिरकत कर सकते हैं।

बॉक्स

अगले सप्ताह फिर बैठक

बुधवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस को-ऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक के बाद एक बार फिर से एक सप्ताह बाद फिर से कांग्रेस की दिल्ली में बैठक होगी। जिसमें चुनाव की तैयारियों पर विचार किया जाएगा। पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय ने बताया कि पार्टी हाईकमान ने फिर से बैठक बुलाई है।

बॉक्स

30 को आएगी आयोग की टीम

जल्द ही उत्तराखंड में भी विस चुनाव की घोषणाएं होनी तय है। इसी महीने 30 अगस्त को चुनाव आयोग की टीम भी आ रही है। जिसकी सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। बताया जा रहा है कि इसके बाद जल्द चुनाव आयोग चुनाव की तिथियों की घोषणाओं पर विचार कर सकती है।

::वर्जन:::

भाजपा पूरी तरीके से चुनावी मोड में है। प्रदेश भाजपा इकाई के जरिए पीएम नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे का प्रस्ताव भेजा गया है। सितंबर आखिरी व अक्टूबर पहले सप्ताह तक पीएम के दौरे की संभावना है।

प्रकाश पंत, प्रदेश महामंत्री, भाजपा।

प्रदेश कांग्रेस के कई कार्यक्रम शुरू हो रहे हैं। इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का मार्गदर्शन पार्टी को चाहिए। इसके लिए राहुल गांधी को आमंत्रण दिया गया है।

किशोर उपाध्याय, पीसीसी चीफ।