-एनडीए के दिग्गज आरंभ करेंगे चुनावी अभियान

PATNA: तीन फरवरी को कांग्रेस की रैली के ठीक एक महीने बाद तीन मार्च को गांधी मैदान में एनडीए की रैली होगी। जिसमें लंबे अरसे बाद पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार एक मंच पर दिखेंगे। लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सहित एनडीए के दिग्गज रैली में मौजूद रहेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी आमंत्रण दिया गया है। रैली के माध्यम से एनडीए बिहार में चुनावी अभियान का आगाज करेगा। आम चुनाव की अधिसूचना की संभावित तारीख के तीन-चार दिन पहले यह रैली हो रही है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने रविवार को ज्वॉइंट प्रेस कांफ्रेस कर यह जानकारी दी। पीसी जदयू प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर हुआ। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि 3 मार्च की रैली गांधी मैदान में आयोजित अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। जिसमें कांग्रेस से 55 वर्षो का हिसाब लेंगे और 5 वर्षो में नरेंद्र मोदी की सरकार ने जो किया उसका हिसाब भी देंगे।