शाम छह बजे से सुबह 10 बजे तक बाधित रहेगी आपूर्ति

मेंटीनेंस कार्य के चलते कंपनी ने बंद की सप्लाई

Meerut : पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंच रही गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया (गेल) की कुकिंग गैस आपूर्ति सोमवार शाम 6 बजे से मंगलवार सुबह 10 बजे तक बाधित रहेगी। गैस आपूर्ति के प्रभावित रहने से लोगों को भारी परेशानी हुई तो वहीं गृहणियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की तलाश की।

पहले दे दी जानकारी

गेल गैस के डीजीएम वीके अरोड़ा ने बताया कि उपभोक्ताओं को समस्या न हो इसको लेकर पूर्व में ही सप्लाई बंदी की जानकारी दे दी है। शाम छह बजे से मेंटीनेंस को लेकर कई स्थानों पर सप्लाई बंद की गई है, हालांकि ख्याल रखा गया है कि सप्लाई को जल्द से जल्द सुचारु कर दिया जाए। गेल गैस लिमिटेड के अनुसार शहर में सात हजार पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) उपभोक्ता हैं। शहर में 400 किलोमीटर क्षेत्रफल में इस गैस की सप्लाई हो रही है। साल 2019 तक पूरे शहर में पीएनजी पहुंचाने का प्लान है।

16 घंटे प्रभावित रही सप्लाई

डीजीएम ने बताया कि सोमवार शाम 6 बजे से मंगलवार सुबह 10 बजे तक गैस उपलब्ध नहीं होगी। यानी, करीब 16 घंटे गैस की आपूर्ति बाधित रहेगी। कंपनी ने इस दौरान उपभोक्ताओं को वैकल्पिक ईधन की व्यवस्था करने को कहा है तो वहीं लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्थाओं की तलाश की। कुछ ने इंडक्शन का का इंतजाम किया तो कुछ ने एलपीजी सिलेंडर को निकाला।

इन कॉलोनियों में असर

मेरठ की देवलोक कॉलोनी (ब्लॉक ए, बी, सी), पंचवटी एन्क्लेव, राजकमल एन्क्लेव, गार्डन व्यू कॉलोनी, श्याम एन्क्लेव, सूर्या पैलेस, शताब्दी नगर, परतापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट, सुपरटेक पाम ग्रीन, कृष्ण वाटिका, श्री राम पैलेस, शंभू नगर, वसंत कुंज, रघुकुल विहार, गुप्ता कॉलोनी, विश्व एन्क्लेव, मोहकमपुर इंडस्ट्रियल क्षेत्र-द्वितीय, शास्त्रीनगर ब्लॉक (ए से एच तक और जे और एल), सोमदत्त विहार, तक्षशिला कॉलोनी, शास्त्रीनगर सेक्टर (1-3, 6,7, 9-11), मयूर विहार फेज-1 और 2, जागृति विहार सेक्टर एक, दो और पांच, मोती प्रयाग, प्रेम प्रयाग और दामोदर कॉलोनी में आंशिक या पूर्ण रूप से बंद रही।

---

मेंटीनेंस के काम को लेकर कुछ एरिया में सप्लाई को रोका गया है। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है, पूर्व में जानकारी दे दी गई है और कार्य को जल्द निपटाने की कोशिश की जा रही है। ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।

-वीके अरोड़ा, डीजीएम, गेल गैस लिमिटेड

पब्लिक वर्जन आएंगे