-6 दिसंबर को अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की भी है बरसी

BAREILLY: बुलंदशहर में गोकशी के शक में बवाल के बाद बरेली में भी अलर्ट जारी किया गया है। सभी थाना प्रभारियों को छोटी-छोटी सूचनाओं को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। 6 दिसंबर को अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी भी है। जिसके लेकर अलग-अलग संगठन विरोध प्रदर्शन भी करते हैं, जिसके चलते ज्यादा निगरानी रखने के लिए बोला गया है। एडीजी लॉ एंड आर्डर के निर्देश पर आईजी रेंज डीके ठाकुर ने सभी जिलों के एसएसपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की विवाद की कोई घटना नहीं होनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर भी नजर

सभी थानों की पुलिस को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया पर चलने वाले आपत्तिजनक मैसेज पर भी नजर रखी जाए और किसी तरह की सूचना मिलने पर तुरंत एक्शन लिया जाए। कई ग्रुप पर इस तरह के आपत्तिजनक मैसेज भी चल रहे हैं, जिससे लोगों में गुस्सा आए और विवाद बढ़े। बता दें कि बरेली में आए दिन कम्यूनल विवाद होते रहते हैं। सावन और मोहर्रम में कैंट के नकटिया, बिथरी चैनपुर के खजुरिया, उमरिया सैदपुर, कासी व अन्य स्थानों पर भी विवाद हुए थे। इससे पहले वर्ष 2010 और 2012 में यहां दंगे भी हो चुके हैं, जिसकी वजह से बरेली काफी सेंसिटिव है।

बुलंदशहर में बवाल के बाद एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के आदेश पर सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं। किसी भी तरह के विवाद की वारदात नहीं होनी चाहिए।

डीके ठाकुर, आईजी रेंज