गणतंत्र दिवस को लेकर आगरा पुलिस को मिली विशेष जिम्मेदारी

रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड, एयरपोर्ट पर रहेगी पुलिस की नजर

आगरा। देश में होने वाली आतंकी घटनाओं को लेकर आगरा में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस बार गणतंत्र दिवस पर पुलिस इस तरफ विशेष नजर बनाए हुए हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर भी पूरी नजर रखे हुए है। पुलिस को विशेष चेकिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।

चल रही है गणतंत्र दिवस की तैयारी

पुलिस लाइन ग्राउंड में गणतंत्र दिवस की तैयारी जोरों पर है। ऐसे में सिटी की आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है। देशभर में हो रही आतंकी गतिविधियों को लेकर सभी तरफ एलर्ट है। आगरा में भी आतंकी गतिविधियों को लेकर पुलिस सचेत है। इसके लिए पुलिस सिटी में संदिग्धों पर बराबर नजर बनाए हुए है।

इंटेलीजेंस भी सक्रिय

पुलिस ऐसे संगठन व लोगों पर नजर रखे हुए है जो आतंकवादी गतिविधयों का समर्थन करते हैं। पुलिस की लोकल इंटेलीजेंस सक्रिय हो गई है। साथ ही पुलिस ने लोगों का भी सहयोग मांगा है जिससे किसी भी प्रकार की घटना न होने पाए। लोगों इंटेलीजेंस के अलावा थाना क्षेत्रों को भी पब्लिक से कनेक्टिविटी बनाने को बोला गया है।

हर तरफ नजर

पुलिस इस दौरान ट्रेन, रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, एयरपोर्ट आदि पर नजर रखे हुए हैं। यहां पर पुलिस सघन चेकिंग के कड़े निर्देश हैं। इसके अलावा घने बाजार, सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, मॉल, गेस्ट हाउस, होटल, सरायों आदि पर भी पुलिस की नजर रहेगी। यहां पर पुलिस हर वक्त निगाह बनाए हुए है। साथ ही धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है।

किराएदारों का होगा सत्यापन

इस दौरान पुलिस नए किराएदारों पर नजर रखे हुए हैं। कितने थाना क्षेत्रों में कितने पुराने व कितने नए किराएदार हैं। नए किराएदारों में कितनों का सत्यापन हुआ है और कितने बाकि रह गए हैं। किराएदारों के सत्यापन का काम पहले से चल रहा है। कई बार लोग नाम बदल कर किराए पर रहने लग जाते हैं। कई बार अपराधी पकड़े जा चुके हैं।

सोशल मीडिया पर भी चौकसी

अब माहौल खराब करने का सबसे बड़ा साधन सोशल मीडिया हो गया है। कोई कभी भी आपत्तिजनक टिप्पणी व सामग्री डाल कर माहौल खराब कर सकता है। साथ ही सोशल मीडिया के सहारे अपराधी भी अपना काम कर सकते हैं। ऐसे में पुलिस पूरी तरह से सोशल मीडिया पर निगाह रखे हुए है। इस मामले में पुलिस लोकल स्तर के सामाजिक संगठन आदि से बात कर रही है।