PATNA: पटना में अब महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसे रोकने के लिए पटना पुलिस विशेष रणनीति बना रही है। जानकारी के अनुसार एसएसपी मनु महाराज ने सभी थाना अध्यक्षों को इससे संबधित विशेष दिशा-निर्देश जारी किया है। सभी थानाध्यक्षों से कहा गया है कि महिला से जुड़े अपराध विशेष कर छेड़खानी की घटना हर हाल में रूकनी चाहिए। उन स्थानों को चिन्हित करने को कहा गया है जहां ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती है। उन स्थानों को चिन्हित कर सुबह और शाम के समय पुलिस गश्ती को सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ब्लैक स्पॉट पर रहेगी पुलिस

जानकारी के मुताबिक शहर के ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने की जिम्मेदारी संबधित थानाध्यक्षों को दी गई है। उन जगहों पर शाम-सुबह पुलिस तैनात करने को कहा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला के साथ छेड़खानी और रेप जैसी घटनाएं होने की स्थिति में थाना इंचार्ज की जबावदेही तय की जाएगी।

दुरुस्त होगी पुलिस पेट्रोलिंग

जानकारी के अनुसार पटना के हर थाना इंचार्ज को अपने-अपने एरिया में गश्ती दुरुस्त करने को कहा गया है। थाना इंचार्ज से कहा गया है कि रात में हर हाल में गश्ती दुरुस्त करनी होगी।

महिला थाना पर फोकस

महिला थाना को अधिक एक्टिव करने को कहा गया है। महिला थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि ख्ब् घंटे के अंदर किसी भी मामले में एक्शन लेना होगा। ऐसा नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।