-उपेंद्र कुशवाहा समेत 250 अज्ञात पर दर्ज हुआ मुकदमा

PATNA: शिक्षा बचाओ को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे रालोसपा के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा और उनके समर्थकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दी। जिसमें पूर्व राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा सहित एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए। सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुशवाहा के सिर में चोट लगी है। जबकि घटना के बाद पुलिस ने उपेंद्र कुशवाहा समेत 250 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इसके विरोध में कुशवाहा ने 4 फरवरी को बिहार बंद का आह्वान किया है।

दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता जख्मी

शनिवार को रालोसपा के कार्यकर्ता शिक्षा बचाव को लेकर आक्रोश मार्च कर रहे थे। पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा नेतृत्व कर रहे थे। आक्रोश मार्च गांधी मैदान से निकाल कर पार्टी कार्यकर्ता राजभवन की ओर बढ़ रहे थे। डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर कार्यकार्ताओं को रोक दिया। बेरिकेट्स के दूसरी ओर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। कार्यकर्ता बेरिकेट्स तोड़कर आगे जाना चाहते थे। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने और नारेबाजी करने लगे। इसी बीच भीड़ अनियंत्रित होकर बेरिकेट्स को गिरा कर आगे बढ़ने लगी। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग कर कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार कर दी। लेकिन इससे भी उन पर कोई असर नहीं हुआ। फिर पुलिस ने लाठी चार्ज शुरू कर दिया। लाठी चार्ज में उपेंद्र कुशवाहा सहित एक दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए। भीड़ हटने के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

कार्यकर्ताओं ने बरसाए पत्थर

घटना के समय कार्यकर्ता जब आक्रोशित हो गए इसके बाद उन लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद बेरिकेट्स तोड़कर आए कार्यकर्ता पुलिस कर्मियों का डंडा छिनने लगे। इस पर पुलिस अपनी स्थिति को देखते हुए कार्यकर्ताओं पर लाठी चार्ज कर खदेड़ना शुरू कर दिया।

रोड पर लगा रहा जाम

कार्यकर्ता और पुलिस के बीच जब झड़प हो रही थी तब रोड पर भयंकर जाम लग गया था। इस कारण करीब 20 मिनट तक लोगों को इंतजार करना पड़ा। जाम के कारण लोग काफी परेशान हुए। बाद में जब मामला शांत हुआ तब पुलिस ने जाम खाली कराया।

पहले ही पुलिस को आशंका हो गई थी। इस कारण डाक बंगला चौराहा पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस तैनात थी। अगर कुछ देर और विवाद हुआ होता तो स्थिति पुलिस के बाहर हो जाती। दूसरी ओर जाम में लोग घंटों परेशान रहे।

नीतीश ने पीएमसीएच भिजवा दिया

घटना के बाद रालोसपा के ट्विटर हैंडल से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के अस्पताल में एडमिट होने की तस्वीर अपलोड की गई। जिसमें लिखा है कि बिहार के 95 परसेंट गरीब छात्र-छात्राओं को सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इसके लिए एक करोड़ से अधिक लोगों के हस्ताक्षर द्वारा समर्थित 25 सूत्री शिक्षा सुधार मांग का ज्ञापन गवर्नर को सौंपने राजभवन जा रहे थे लेकिन धनान्द रूपी नीतीश कुमार ने पीएमसीएच भिजवा दिया।

ये कार्यकर्ता योजना के तहत आए थे। जैसे ही इनको रोकने की कोशिश की गई ये लोग पुलिस पर पथराव शुरू कर दिए। इसमें हमारे 12 जवान घायल हो गए हैं।

-राकेश कुमार, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर