- बेनाझाबर चौकी में प्रेमी जोड़ों ने एक-दूसरे के गले में डाली वरमाला, दोनों के परिवार भी मौजूद रहे

kanpur@inext.co.in

KANPUR : पुलिस भी कभी-कभी ऐसा काम कर देती है जो मिसाल बन जाता है। मंडे को अपने शहर में भी एक चौकी इंचार्ज ने दो प्यार करने वालों को जीवन बंधन यानी शादी के बंधन में बांध कर पुलिस का एक अच्छा चेहरा दिखाया। प्रेमी जोड़े के घरवाले खिलाफ थे लेकिन पुलिस ने उन्हें भी आशीर्वाद देने के लिए राजी कर लिया। पुलिस चौकी में हुई शादी के एक नहीं बल्कि कई पुलिसकर्मियों ने बराती व जनाती की भूमिका निभाई।

यह मामला है बेनाझाबर चौकी क्षेत्र का। छह साल से रिलेशन में रहे प्रेमी जोड़े ने जब शादी करनी चाही तो घर वाले खिलाफ हो गए। सबकी परवाह छोड़कर उन्होंने शादी करने का फैसला किया और भाग गए। लड़की के पिता ने बेनाझाबर चौकी में लड़के के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए अप्लीकेशन दी। इस बीच लड़की ने अपने पिता को सूचित भी किया कि उसने मंदिर में शादी कर ली है। सूचना जब पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस ने दोनों को मिलाने की ठान ली।

चौकी इंचार्ज ने दोनों परिवारों को मनाया

स्वरूप नगर की बेनाझाबर चौकी इंचार्ज आरएस मौर्या ने दोनों परिवारों के बीच 'बिचवानी' का रोल निभाते हुए दोनों परिवारों को समझाकर मनाया। लड़की अंकिता और लड़के सूरज गौतम को भी बुला लिया। जब दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए तो चौकी में ही दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। जिसके बाद दोनों ने दो दिन के अंदर कोर्ट मैरिज करने की बात कही।