ALLAHABAD: सिविल लाइंस सीओ कार्यालय के बाहर अवैध असलहों की सूचना पर पुलिस ने एक प्रापर्टी डीलर को पकड़ लिया। उसकी सफारी गाड़ी से दो बंदूक व एक पिस्टल मिली। इसके बाद उसे थाने पर बैठा लिया गया। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। इस बीच गाड़ी में ब्लैक फिल्म लगी होने के कारण उसका चालान किया गया।

पुरामुफ्ती क्षेत्र का मो। अशरफ प्रापर्टी डीलर का काम करता है। पहले वह पूर्व सांसद अतीक के साथ रहता था। बाद में उमेश पाल गुट में शामिल हो गया। उसे सुरक्षा के लिए पुलिस के दो गार्ड मिले थे। बृहस्पतिवार को अशरफ किसी काम से सिविल लाइंस आया था। वह साथियों के साथ सीओ सिविल लांइस के कार्यालय के बाहर खड़ा था। तभी पुलिस को किसी ने सूचना दी कि कुछ लोग अवैध असलहों संग कार्यालय के बाहर मौजूद हैं। सीओ श्रीश्चन्द्र ने पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचकर प्रापर्टी डीलर को पकड़ लिया। उसकी गाड़ी में मौजूद असलहों संग उसे थाने लाया गया। इंस्पेक्टर शिव मंगल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने प्रापर्टी डीलर को पकड़ा था। बाद में उसके असलहों के लाइसेंस मंगवाए गए। जो जांच में सही मिलें। गाड़ी में ब्लैक फिल्म लगी थी। उसका चालान कर दिया गया। हालांकि पुलिस उच्चाधिकारियों के आदेश के इंतजार में अशरफ को देर रात तक थाने पर बैठाए रही।