-खोराबार एरिया में गुरुवार देर रात हुई वारदात

-राह चलते लोगों को लूटकर फरार हो जाता है गैंग

GORAKHPUR: पिपराइच एरिया के कैथवलिया धूस के पास राहगीर से चिलुआताल के मानीराम निवासी रंजीत चौधरी, अजहरुद्दीन और मजनू ने लूट की थी। गुरुवार देर रात तीनों बाइक से शिकार की तलाश में निकले थे। अकेले राहगीर को देखकर उसे लूट का शिकार बना लिया। सिटी एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि बदमाश को दौड़ाकर पकड़ने वाले कांस्टेबल अहतेशाम को एक हजार रुपए का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पकड़ा गया युवक पहले भी शाहपुर एरिया में लूट के आरोप में जेल जा चुका है।

मेला देखकर घर लौट रहा था युवक

पिपराइच, हेमधापुर का सुधीर बैंकाक में रहकर कमाता है। गुरुवार शाम दशहरा मेला देखने के लिए बाइक से सोनबरसा गया। देर रात वह घर लौट रहा था तभी रास्ते में बदमाश मिल गए। बड़हरिया धूस के पास बदमाशों ने उसका पीछा कर रोक लिया। बाइक सवार एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। दूसरे ने उसके गले से सोने की चेन और जेब से पर्स निकाल लिया। लूटपाट कर बदमाश भागने लगे। उसी समय कांस्टेबल अहतेशाम के साथ गश्त पर निकले जगदीशपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह पहुंच गए।

खेत में दौड़ाकर सिपाही ने दबोचा

पुलिस को देखकर बदमाश खेतों में भागने लगे। कांस्टेबल और चौकी इंचार्ज बदमाशों के पीछे लग गए। लेकिन पुलिस में गोली चलाकर दो बदमाश भाग गए। एक बदमाश को कांस्टेबल ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान चिलुआताल एरिया के मानीराम निवासी रंजीत चौधरी के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि अपने साथी अजहरुद्दीन और मजनू के साथ वह लूटपाट करने निकला था। उसके खिलाफ पहले से कुशीनगर के पडरौना कोतवाली, पिपराइच और खोराबार थानों में लूट, हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज हैं। एसपी सिटी ने बताया कि फरार दोनों बदमाशों की तलाश की जा रही है।

वर्जन

पकड़े गए बदमाश और उसके साथी कई वारदातों में शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ कुशीनगर सहित कई जगहों पर मामले दर्ज हैं।

विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी