- एक महीने से था फरार, पुलिस ने रखा था दस हजार का इनाम

- कुसम्ही स्थित एक घर से मिला था कार्बाइन

GORAKHPUR: कार्बाइन खरीद कर भाई के घर की छत पर रखवाने के मुख्य आरोपी अमरजीत जायसवाल को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले एक महीने से फरार था। पुलिस ने उसपर दस हजार का इनाम घोषित कर रखा था। रविवार को पुलिस लाइंस में गिरफ्तारी का पर्दाफाश करते हुए एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच की स्वॉट और खोराबार पुलिस ने कुस्मही बाजार निवासी अमरजीत जायसवाल को रामनगर कड़जहां के पास से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुखबिर ने रची थी साजिश

पुलिस के मुताबिक अमरजीत ने भाई शेषनाथ जायसवाल को संपत्ति के रंजिश में फंसाने की नियत से 23 मई को उसके घर की छत पर कार्बाइन रखवाया था। कार्बाइन रखवाने में उसकी मदद रक्षवापार निवासी पुलिस के मुखबिर शुभम मिश्रा व शेषनाथ के पड़ोसी जितेंद्र ने की थी। एसपी सिटी ने बताया कि अमरजीत ने शुभम को दस हजार रुपए अपने भाई को फसाने के लिए दिए थे। शुभम ने बिहार से 75 हजार रुपए में कार्बाइन खरीद कर जितेंद्र की सहायता से शेषनाथ के घर की छत पर रख दिया। इसके बाद उसने पुलिस से मुखबिरी कर शेषनाथ को पकड़वा दिया। बाद में पूछताछ के बाद पुलिस ने शेषनाथ को क्लीन चिट दिया और मुखबिर शुभम को 26 मई को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया। शुभम के जेल जाने के बाद दूसरे आरोपी जितेंद्र ने अदालत में सरेंडर कर दिया।

शार्प शूटर से भी है संबंध

एसपी सिटी ने बताया कि शुभम मिश्रा और अमरजीत का जिले के एक बड़े शार्प शूटर से संबंध है। शुभम अक्सर उसके टच में रहता था। पुलिस अब इस तरफ भी अपनी जांच कर रही है।