॥नर््न्क्त्रढ्ढक्चन्द्द॥ : बड़कागांव में डीजे को नियंत्रित साउंड में बजाने एवं साउंड सिस्टम को खुलवाने को लेकर पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद शुक्रवार को केंद्रीय वित राज्य मंत्री सह सांसद जयंत सिन्हा बड़कागांव पहुंचे। उनके समझाने और प्रशासन के प्रयास के बाद माहौल शांत हुआ। हालांकि, इससे पूर्व यहां पुलिस के प्रति ग्रामीणों में रोष था। ग्रामीणों का आरोप था कि एएसपी हरिलाल चौहान के निर्देश पर गुरुवार की रात ग्रामीणों पर लाठीचार्ज की गई। घर में घुस कर लोगों को पीटा गया। आधे दर्जन लोग घायल हो गए। एएसपी हरिलाल चौहान समेत दोषी पुलिस कर्मियो पर अविलंब कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

धरना पर बैठे ग्रामीण

ग्रामीणों की बीच पहुंचे सांसद ने उनसे शांति की अपील की। साथ ही दोषी लोगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। हालांकि, उनके जाने के कुछ देर बाद ग्रामीण धरना पर बैठे और बड़कागांव चौक को जाम रखा। हालांकि, शाम होते होते स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई। मौके पर जिप अध्यक्ष सुशीला देवी, विधायक निर्मला देवी, पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, टुन्नू गोप, बालेश्वर कुमार, झमन प्रसाद, सरोज सोनी, जुगनू सिंह, आदित्य सोनी, अनिता देवी, कैलाश राणा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे। हालांकि इससे पहले एसपी अखिलेश झा ने गुरुवार रात ही पहुंचकर शांति बनाने की अपील के साथ- साथ दोषियों के खिलाफ करवाई का भरोसा दिया गया था।