- गुरुवार को पुलिस लाइन में शुरू हुई सिपाही भर्ती

- 113 महिलाएं पूरी नहीं कर पाई दौड़, मायूस में टपकने लगे आंसू

- पुलिस, पीएसी व फायर सर्विस के लिए हो रही भर्ती

ALLAHABAD:

सिपाही बनने का अरमान था। घर वालों को भी ढेरों उम्मीदें थीं, मैदान में उतरीं तो लगा कि चंद मिनट के बाद मंजिल उनके कदम चूमेंगी, लेकिन देखते ही देखते पुलिस में भर्ती होने का सपना चूर-चूर हो गया। पुलिस लाइन में गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस का बिल्ला पाने के लिए शुरू हुई कसरत में ऐसी तमाम महिलाएं नजर आई जो बीच रास्ते ही हिम्मत हार गई। सिपाही का बनने का सपना लेकर ग्राउंड में दौड़ीं तो 623 अभ्यर्थी लेकिन 113 का दम बीच में ही फूल गया। सिर्फ 510 महिला अभ्यर्थी ही दौड़ को पूरा कर सकीं।

पहले महिलाओं को मिला है मौका

भर्ती पुलिस के साथ ही पीएसी व फायर सर्विस के सिपाहियों के 34 हजार पदों के लिए हो रही है। इलाहाबाद समेत सूबे के 12 जिलों में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में महिला अभ्यर्थियों को ही बुलाया गया है। महिलाओं की दौड़ पुलिस लाइन ग्राउंड में 18 फरवरी तक चलेगी। पहले दिन सुबह छह बजे दौड़ के लिए 800 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया था लेकिन पहुंचीं सिर्फ 623. दौड़ सुबह 6 बजे शुरू हुई जो नौ बजे तक चली। जब पहली सीटी बजी तो पुलिस की वर्दी पहनने का सपना लेकर दौड़ी अभ्यर्थियों में गजब का उत्साह दिखा। महिला अभ्यर्थियों ने दौड़ जितनी जोश से शुरू की, वह ग्राउंड के हर चक्कर के साथ कम होती गई। जैसे-जैसे चक्कर बढ़ते गए कई महिलाएं पीछे छूटती गई। 16 मिनट पर जब गिनती की गई तो 113 पीछे छूट गई थीं।

पांव में लगे हैं चिप

गड़बड़ी को रोकने के लिए पिछली बार से सिपाही अभ्यर्थियों के पांव में चिप लगाए जा रहे हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। गुरुवार को जितनी महिलाएं दौड़ीं, उनके पैर में चिप लगाई गई थीं। चिप बता देती है कि दौड़ कितनी देर में पूरी की। इसमें किसी तरह की गड़बड़ी की संभावना नहीं रह जाती।

दो महिलाओं को आई मोच

जो महिला अभ्यर्थी दौड़ पूरी नहीं कर पाई, उनमें से कई हांफ कर गिर पड़ी थीं। दो अभ्यर्थियों के पांव में मोच आ गई थी, इसलिए वह बाहर हो गई। दौड़ सुबह इसीलिए बुलाई गई थी ताकि धूप का कोई खास असर न पड़े।

बाक्स

पुलिस लाइन के बाहर मेला

पुलिस भर्ती के लिए दौड़ शुरू होने के बाद पुलिस लाइन के बाहर मेला लग गया। महिलाओं के साथ उनकी फैमिली के लोग भी आए थे। कुछ अभ्यर्थी शादीशुदा थीं। उनके पति बच्चों के साथ परेड ग्राउंड के बाहर से दौड़ देख रहे थे। भर्ती का नोडल अफसर एसपी ट्रैफिक निहारिका शर्मा को बनाया गया है।

------------

क्या है व्यवस्था

- पहली बार मेरिट के आधार पर हो रही भर्ती

- सिपाही भर्ती के लिए महिलाओं को 2.4 किमी की दौड़ 16 मिनट में करनी होगी पूरी

- दौड़ पूरी करने वाली अभ्यर्थियों का होगा मेडिकल परीक्षण

- पुलिस, पीएसी व फायर सर्विस में होगी भर्ती

फैक्ट फाइल

800 महिलाओं को पहले दिन शामिल होना था दौड़ में

623 ही दौड़ के लिए आई पुलिस लाइन मैदान

113 पूरी नहीं कर पाई हैं दौड़

5000 महिलाओं का होगा दौड़ टेस्ट

18 अप्रैल के बाद आएगा पुरुषों का नंबर