- निजाम बदलते ही सख्त हुए अधिकारियों के तेवर

- ग‌र्ल्स कॉलेजों के आसपास चला ऑपरेशन मजनू अभियान

Meerut: निजाम बदलते ही पुलिस अधिकारियों के तेवर भी बदल गए। मंगलवार को खाकी मनचलों पर कहर बनकर टूटी और ग‌र्ल्स कॉलेजों के आसपास ऑपरेशन रोमियो चलाते हुए कई मनचलों को हिरासत में लिया। एसपी सिटी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ग‌र्ल्स कॉलेजों के आसपास जमावड़ा लगाए रहने वालों में खलबली मच गई।

आधा दर्जन दबोचे

पुलिस ने मंगलवार को शहर के ग‌र्ल्स कॉलजों के बाहर सघन चेकिंग अभियान चलाया। आरजी कॉलेज से शुरू हुई चेकिंग के दौरान पुलिस ने कॉलेज के आसपास दुकानों पर खड़े युवकों से पूछताछ शुरू की तो उनमें खलबली मच गई। वाहनों पर सवार होकर धीमी गति से निकल रहे युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने अकारण कॉलेज के आसपास घूम रहे और युवतियों पर छींटाकशी कर रहे आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया।

चेक किए वाहन

इसके बाद पुलिस टीम इस्माइल नेशनल पीजी कॉलेज पहुंची। यहां भी आसपास खड़े युवकों को खदेड़ते हुए चेतावनी देते हुए छोड़ दिया गया। इसके बाद वेस्ट एंड रोड स्थित गुरू तेग बहादुर, मेरठ पब्लिक स्कूल और अन्य स्कूलों के बाहर चेकिंग करते ठेले और खोमचों पर खड़े हुए युवकों से पूछताछ करते हुए उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया। इस दौरान वाहनों की चेकिंग भी की गई।

छेड़छाड़ की घटनाएं बनती हैं बवाल का कारण

सपा शासनकाल के दौरान शहर में होने वाले अधिकांश बवालों के पीछे छेड़छाड़ की घटनाएं ही कारण रही हैं। कई मामलो में आरोपियों के सपा कनेक्शन के कारण पुलिस को पीछे हटना पड़ा और बवाल ने बड़ा रूप ले लिया। प्रदेश के नए सीएम आदित्यनाथ योगी ने शपथ ग्रहण के बाद ही महिला सुरक्षा को लेकर अपना रूख स्पष्ट कर दिया है। जिसके चलते अब छेड़छाड़ की घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद दिखाई दे रहा है।

शक्ति मोबाइल की हकीकत

दरअसल एक साल पहले सोहदों से निपटने के लिए शक्ति मोबाइल नाम से टीम बनाई गई थी। जिसमें शहर के अंदर आधा दर्जन गाडि़यां शक्ति मोबाइल थी। जिस पर दो महिला पुलिसकर्मी व दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी। लेकिन शक्ति मोबाइल यूनिवर्सिटी या आरजी पीजी कॉलेज के बाहर खड़ी तो दिखाई दी। लेकिन आज तक कोई मनचला शक्ति मोबाइल को नहीं मिला।

वर्जन

अब शहर में लगातार मनचलों के खिलाफ अभियान चलेगा। किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा।

आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी

---

ऐसे हुई छापेमारी

-11 बजे आरजीपीजी कालेज

-11:50 बजे इस्माइल डिग्री कालेज

-12:40 बजे वेस्ट एंड रोड

-1:00 बजे जीटीबी स्कूल

----