- निरंजनी अखाड़े के महंत र¨वद्र पुरी ने पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार सहित पांच लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा

- निरंजनी अखाड़े की संपत्ति हड़पने की साजिश रचने और अपहरण का मुकदमा

HARIDWAR: दिल्ली के बवाना क्षेत्र के पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ निरंजनी अखाड़े ने गबन का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपितों पर अखाड़े की संपत्ति हड़पने की साजिश और अपहरण का आरोप है। आरोपितों में अखाड़े के एक शिक्षण संस्थान का पूर्व डायरेक्टर और दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपितों में दून व हरिद्वार की दो महिलाएं शामिल

ज्वालापुर कोतवाली में अखाड़े के महंत र¨वद्र पुरी की ओर से इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि श्री गुरु निरंजन देव वेलफेयर सोसायटी के अधीन रामानंद इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी संचालित हो रहा है। मूलरूप से रोहिणी दिल्ली निवासी दीपक राव पूर्व में कई साल तक इस संस्थान का डायरेक्टर रहा। आरोप है कि तब दीपक ने इंस्टीट्यूट के खाते के कोरे चेक अलग-अलग संस्थाओं में गिरवी रखकर लाखों रुपये लोन लिया और यह राशि गबन कर ली। इंस्टीट्यूट के नाम से फर्जी खाते भी खुलवाए गए।

अपहरण का लगाया आरोप

रिपोर्ट में उल्लेख है कि संस्था की अंदरूनी जांच में अनियमितताओं का पता चलने के बाद दीपक अपने साथी व पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार, अपनी पत्नी मंजू, देहरादून निवासी नीलम व पुरुषोत्तम लाल निवासी बेरी गांव, जिला झज्जर हरियाणा के साथ मिलकर इसी साल 20 मार्च को अखाड़े के महंत रामानंद पुरी को इलाहाबाद से दिल्ली ले आया। आरोप है कि पांचों ने महंत रामानंद पुरी को अपने कब्जे में रखा हुआ है और अब वे निरंजनी अखाड़े की विभिन्न राज्यों में स्थित संपत्ति हड़पने की फिराक में हैं। विभिन्न माध्यमों से धमकियां भी दी जा रही हैं। महंत रविंद्र पुरी ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर गबन व धमकी आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।