आर्मी एरिया में कर रहा था एंट्री

थाना सदर में ग्वालियर हाईवे पर सीओडी के पास नो एंट्री एरिया में शनिवार रात को 38 वर्षीय चाइनीज युवक यांग हाई बो पुत्र यान मिन घूम रहा था। सेना पुलिस ने उसे संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ लिया। सेना पुलिस ने उसे सदर थाने को सौंप दिया। जहां से उसे थाना पर्यटन भेज दिया गया। संदिग्ध चाइनीज पकड़े जाने की जानकारी होने पर सुरक्षा एजेंसी पहुंच गई। यांग सिर्फ चीनी भाषा जानता है इसके चलते एजेंसियों ने इंटर प्रेटर को बुलाया।

साइकिल से असोम जाने की थी तैयारी

सुरक्षा एजेंसियों ने जब उससे बात की तो मात्र इतना ही पता चल सका कि वह भारतीय लड़कियों को पसंद करता है। वह शादी करने के लिए यहां आया था। यहां पर उसे साइकिल भी कार गैराज मालिक से एक हजार रुपये में खरीदी थी। यांग का कहना था कि उसका साइकिल सेअसोम जाने का प्लान था। सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी पर्सनल लाइफ व काम के बारे में पूछा, लेकिन उसने कुछ भी नहीं बताया। सिर्फ यही कहा कि वह माता-पिता की इकलौती संतान है।

दूतावास से पुलिस ने किया सम्पर्क

सुरक्षा एजेंसियों ने उससे घंटों पूछताछ की लेकिन इसके बाद भी कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी। यांग का पासपोर्ट और वीजा भी चेक किया, वह सही है। उसके पास आठ हजार रुपये भी मिले। इंस्पेक्टर पर्यटन थाना आरबी पांडेय के मुताबिक यांग के मामले में दिल्ली स्थित चीनी दूतावास से संपर्क किया जा रहा है।

24 अक्टूबर को शंघाई से दिल्ली आया

चीनी युवक यांग 24 अक्टूबर को शंघाई की फ्लाइट से दिल्ली आया। इसके बाद हव किन-किन शहरों में गया, इसकी जानकारी भी एजेंसियों को नहीं मिल सकी। तीन सप्ताह के दौरान आगरा के अलावा और कहां-कहां गया, किन-किन लोगों से मिला इस बारे में भी कुछ पता नहीं चल सका।

टूरिस्ट बीजा पर आया है यहां पर

पुलिस ने यांग हाई बो का पासपोर्ट और वीजा चेक किया। वह टूरिस्ट वीजा पर यहां आया है। बीजा फरवरी 2018 तक वैध है। साथ ही उसका पासपोर्ट वर्ष 2023 तक वैध है।

गूगल ट्रांसलेटर भी नहीं बता सका

इंटरप्रेटर से सीमित जानकारी जुटाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यांग से पूछताछ के लिए गूगल ट्रांसलेटर की मदद ली। अपने सवालों को चीनी भाषा में कन्वर्ट करके उनके जवाब यांग को लिखने के लिए दिया। इस पर यांग ने कोई ऐसी बात नहीं लिखी जिससे एजेंसियों को जानकारी करने में कुछ मदद मिल सके। इसके बाद एजेंसियों ने उसे लिखने के लिए कागज भी दिया। इसमें भी कुछ जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।