- सघन चेकिंग में तीन दर्जन वाहनों का चालान, एक दर्जन सीज

- रौब झाड़ रहे युवकों को खानी पड़ी लाठी

>NAINI(14July, JNN): यमुनापार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी यमुनापार ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए जोर-आजमाइश तेज कर दी है। नए और पुराने दोनों यमुना पुलों पर पुलिस ने मंगलवार की सुबह और शाम नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।

सुबह शुरू हुआ अभियान

तड़के सुबह से शुरू हुए अभियान के दौरान कुछ वाहन मालिकों ने पुलिस पर रौब झाड़ने की कोशिश की तो एसपी साहब ने खुद कमान संभाल ली। बहस कर रहे दो युवकों को लाठी खानी पड़ी। कई के वाहन सीज कर दिए। निजी वाहनों में नीली बत्ती लगाकर ऐश कर रहे अधिकारियों के परिजनों पर भी अभियान आफत बनकर टूटा। तीन बड़े अधिकारियों के निजी वाहनों से नीली बत्ती उतारवा ली गई। शीशों पर लगी काली फिल्म फिल्म भी उतरवाई गई।

शाम को फिर चला अभियान

देर शाम फिर से एसपी यमुनापार ने दोनों थाना प्रभारियों के साथ नए और पुराने यमुना पुल पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक वाहनों को सीज किया गया, जबकि करीब इतने ही वाहनों का चालान किया गया। जांच अभियान के दौरान सीओ करछना नीति द्विवेदी, इंस्पेक्टर नैनी राजकुमार पांडेय और इंस्पेक्टर औद्योगिक स्वामी नाथ मौजूद रहे। एसपी यमुनापार आशुतोष मिश्र ने बताया कि अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुराने यमुना पुल पर भी पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाई जाएगी। प्रतिदिन इन दोनों पुलों से होकर गुजरने वाले वाहन पुलिस की निगहबानी में रहेंगे।