उत्तर कोतवाली में था तैनात, मूल रूप से हाथ जिले का निवासी

चार दिन तक आगरा में रहा भर्ती, शनिवार को भेजा था नोएडा

फीरोजाबाद: फीरोजाबाद की उत्तर कोतवाली में तैनात हाथरस जिले के एक सिपाही की डेंगू की बीमारी से मौत हो गई। चार दिनों तक आगरा में चला उपचार, लेकिन स्वास्थ्य लाभ न मिलने पर शनिवार को नोएडा स्थित अस्पताल रेफर किया गया था। रविवार सुबह सिपाही की मौत होने के साथ ही परिवारीजनों में चीखपुकार मच गई।

हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र अंतर्गत देवी नगर में श्रीपाल सिंह रहते हैं। उनका 25 वर्षीय पुत्र गवेंद्र सिंह वर्ष 2011 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। मौजूदा समय उनकी फीरोजाबाद की उत्तर कोतवाली में तैनाती थी। बताते हैं उन्हें कई दिनों से बुखार की शिकायत थी। स्थानीय स्तर पर दवा ली, लेकिन फायदा न मिला। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर 17 नवंबर को आगरा में भर्ती कराया गया। चेकअप हुआ तो पता चला कि डेंगू हो गया है। आगरा में चार दिनों तक इलाज चला, मगर स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। बताते हैं शनिवार रात हालत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें नोएडा स्थित ओटिस अस्पताल ले गए और भर्ती करा दिया। रविवार सुबह सिपाही गवेंद्र की मौत हो गई। इसी के साथ ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर उत्तर शशिकांत शर्मा का कहना है कि सिपाही का इलाज चल रहा था, रविवार सुबह नोएडा अस्पताल में मौत हो गई है।

एक और सिपाही को डेंगू

हाथरस जिले के ही सिपाही टीकम सिंह की फीरोजाबाद में तैनाती है। बताते हैं उन्हें भी डेंगू हो गया। उनका इलाज चल रहा है। टीकम सिंह ने बताया उन्हें डेंगू की बीमारी हो गई है। वह अपना इलाज हाथरस में ही करा रहे हैं और अब स्वास्थ्य में सुधार है।

छुट्टी न मिलने से गंभीर हुई बीमारी-बघेल

रक्षक कल्याण ट्रस्ट अराजपत्रित पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के आगरा व अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष मोहनदास बघेल का कहना है कि पुलिसकर्मियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। बीमारी के समय भी छुट्टी नहीं मिल रही है। आरोप लगाया सिपाही गवेंद्र सिंह की बीमारी छुट्टी न मिलने के कारण गंभीर हुई थी। कई बार सिपाही ने इंस्पेक्टर से छुट्टी मांगी थी, लेकिन नहीं दी गई। नतीजतन समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई।