उपचार के दौरान एक सिपाही ने तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम

दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भागा, पुलिस ने कब्जे में लिया

आगरा। थाना सिकंदरा एरिया में अनियंत्रित ट्रक ने चीता के सिपाहियों को निशाना बना लिया। ट्रक ने गश्त करते सिपाहियों को चपेट में लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। चालक मौके से फरार हो गया।

चुनाव से पहले हुई थी तैनाती

मूल रूप से फीरोजाबाद के थाना टूंडला निवासी 41 वर्षीय सुभाष 1994 बैच के सिपाही थे। छह महीने पहले उनकी तैनाती थाना सिकंदरा में हुई थी। गुरुवार की दोपहर सिपाही सुभाष और गाजियाबाद निवासी सिपाही सुमित चीता मोबाइल पर गश्त कर रहे थे। उनकी बाइक रुनकता से ग्वालियर रोड की तरफ गए फ्लाई ओवर पर थी। उसी दौरान एक ट्रक पीछे से आ रहा था। ट्रक अनियंत्रित था। ट्रक ने दोनों सिपाहियों को चपेट में ले लिया। सिपाही ट्रक के पहिए में उलझ गए। ट्रक की चपेट में आने से सिपाही लहूलुहान हो गए। चालक ने जब सिपाहियों को चपेट में देखा तो वह ट्रक खड़ा कर मौके से भाग गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के बाद थाना सिकंदरा पुलिस ने गंभीर घायल सिपाहियों को उपचार के लिए सिकंदरा में निजी हॉस्पिटल में एडमिट किया। यहां पर शाम पांच बजे उपचार के दौरान सिपाही सुभाष की मौत हो गई। परिजन हॉस्पिटल पहुंच गए। सिपाही की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। पति की मौत पर पत्‍‌नी अनिता की हालत खराब है। परिजनों के मुताबिक सिपाही के दो बच्चे हैं। हॉस्पिटल में सुमित की हालत स्थिर बनी हुई है।