अल्लापुर में विकास हत्याकांड मामले में पुलिस ने दो को हिरासत में लिया

ALLAHABAD: अल्लापुर में विकास सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में विनोद नामक युवक को पुलिस ने उठाया है। मामले में विनोद को लेकर पुलिस आरोपी के ठिकानों पर दबिश दे रही है। रविवार की रात अल्लापुर में विकास सिंह की गोली मारकर कर दी गई थी। विकास चार दोस्तों के साथ कार से घूम रहा था। साकेत अस्पताल के पास उसे गोली मारी गई। पता चला है कि गोली किसी और पर चलाई गई थी, लेकिन विकास उसकी चपेट में आ गया।

दो पक्षों में चल रहा था विवाद

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला कि अल्लापुर का अभिषेक वहां ठेला लगाता है। विनोद बाली नामक युवक भी वहीं ठेला लगाने लगा। इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ तो विनोद ने दारागंज और अल्लापुर से साथियों को बुला लिया। तीन युवक पहुंचे तो अभिषेक भाग गया।

किसी और पर चलाई थी गोली

दारागंज के युवक ने गोली चलाई जो वहां कार लेकर गुजर रहे विकास को लग गई। पुलिस विनोद और अभिषेक को हिरासत में लेकर हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। देर रात सीओ आलोक मिश्र, इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा आरोपितों के रिश्तेदारों के यहां पहुंचे। पूछताछ के बाद धूमनगंज में दबिश दी गई।