- एक बदमाश से बरामद चालान रसीद से हुई पहचान, एक का नाम कपिल तो दूसरे का अशोक

BAREILLY: शहर में 15 लाख की लूट के बाद मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश संभल जिले के असमोली के रहने वाले थे। इसकी पुष्टि मारे गए एक बदमाश की पत्‌नी ने की है। पुलिस ने जब मारे गए बदमाशों की तलाशी ली तो दोनों के पास से मोबाइल बरामद हुए। एक के पास से चालान की रसीद भी मिली है, जिसके आधार पर उसकी पहचान अशोक के रूप में हुई है। वह संभल के असमोली थानांतर्गत चेतावली का रहने वाला था। वहीं दूसरे बदमाश का नाम कपिल था, जो असमोली के अछरोड़ा ढींगर गांव का रहने वाला था।

कपिल की पत्‌नी ने बताया कि अशोक उसके पति को संडे को दिन में बुलाकर ले गया था। संभल पुलिस की जानकारी के मुताबिक कपिल असमौली थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे बदमाश का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने मारे गए दोनों बदमाशों की शिनाख्त के लिए उनके परिजनों को बरेली बुलाया है।

इतनी देर कहां थे बदमाश?

लूट की वारदात और मुठभेड़ के वक्त करीब 8 से 9 घंटे का अंतर है। ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है कि इस बीच बदमाश कहां थे? क्या बदमाश लूट के बाद शहर में कहीं छिप गए और फिर आराम से दोपहर बाद शहर छोड़ने के लिए निकले? क्या बदमाशों ने इसी दौरान दो बैग में रखे रुपए एक बैग में रख लिए, ताकि उनपर कोई शक न करे?

कौन है भेदिया

अब पुलिस उस भेदिए का भी पता लगा रही है, जिसे पता था कि ज्वेलर के कर्मचारी नकदी लेकर ऑटो से जा रहे हैं। क्या ड्राइवर को इस बारे में पहले से कुछ पता था या फिर किसी कर्मचारी ने बदमाशों को इस बारे में जानकारी दी? पुलिस इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है। पुलिस सर्विलांस की भी मदद ले रही है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी से भी इसका खुलासा होने की उम्मीद है।