- फायरिंग में नामजद के यहां पर दबिश को गई थी पुलिस

- नामचीन ब्रांड के रैपर में पैक किया जा रहा था पान मसाला

आगरा। थाना एत्माद्उद्दौला पुलिस ने दबिश के दौरान एक नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। नामचीन पान मसाला की नकली पैकिंग कर यहां सप्लाई की जा रही थी। पुलिस को वहां से मशीन, रैपर आदि सामान भारी मात्रा में मिले हैं। पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। फायरिंग के मुकदमे में नामजद एक आरोपी के यहां दबिश के दौरान इसका खुलासा हुआ।

पुलिस ने किया था मुकदमा

ट्रांसयमुना कॉलोनी में अजेंद्र चौहान के यहां पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसमें जाने आलम उर्फ जानू भी नामजद था। जाने आलम की कालिंदी विहार में कांच फैक्ट्री है। गुरुवार रात पुलिस टीम ने जानू की तलाश में जब दबिश दी तो वहां पर गुटखा बनते मिला। पुलिस ने मौके पर देखा कि यहां पर बड़े स्तर पर पान मसाला बनाने का काम चल रहा था। पान मसाला भी बड़ी ब्रांडेड कंपनियों का था। मौके पर भारी संख्या में रैपर आदि पड़े थे। रैपर ऑरिजनल थे। जहां से कंपनी के असली रैपर आते हैं, वहां पर शातिरों ने सेटिंग कर रखी थी। रैपर वहीं से मंगवाए गए थे।

पुलिस ने तीन को पकड़ा

पुलिस ने इस मामले में सुनील अग्रवाल निवासी बोदला के अलावा दीपक जाटव व रवि वर्मा को अरेस्ट किया है। सुनील ने 19 दिन पहले ही यह जगह सात हजार रुपये महीना किराए पर ली थी। इस मामले में फायरिंग के दो आरोपियों के और नाम निकल कर आ रहे हैं। उन दोनों की पार्टनरी हो सकती है। पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है। जाने आलम मौके से फरार है, पुलिस को उसकी तलाश है।

जयपुर से लेकर आते हैं माल

पुलिस के मुताबिक नकली गुटखा बनाने वाले शातिर जयपुर से मसाला लेकर आते हैं। पुलिस ने यहां से 10 से 15 लाख का माल पकड़ा है। पुलिस ने करीब 110 किलो माल बरामद किया है। शातिर 80 हजार के माल को तैयार कर आठ लाख का बेच देते थे। इनकी कहां-कहां सप्लाई होती है, पुलिस इस बात की जानकारी कर रही है। अब इन दबंगों पर फायरिंग के बाद एक और मुकदमा दर्ज किया जाएगा।