RANCHI: दुर्गा पूजा के मद्देनजर बुधवार शाम रांची शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल के नेतृत्व में रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से सुजाता चौक तक फ्लैग मार्च किया गया। जिले में ग्रामीण इलाकों में आपसी झड़प की अफवाह के बाद राजधानी की पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। फ्लैग मार्च में रैफ के जवानों के साथ-साथ वरीय पुलिस पदाधिकारी और शहर के कई थाना प्रभारी शामिल थे।

पिठोरिया में अफवाह से था तनाव

बुधवार को राजधानी के ग्रामीण इलाकों में कुछ अफवाहें फैलाई गई थी। जिसके बाद पिठोरिया में कुछ तनाव कायम हुआ था। हालांकि, पुलिस ने तुरंत मामला संभालते हुए स्थिति नियंत्रण में कर लिया। महाष्टमी के दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु दुर्गा पंडालों में मां का दर्शन करने के लिए घरों से बाहर निकलेंगे। ऐसे में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर आम लोगों को यह संदेश दिया है कि उनकी सुरक्षा में सदैव सतर्क हैं। उन्हें निर्भिक होकर अपने घरों से बाहर निकलना है और पूजा में उत्साह से भाग लेना है।