RANCHI : इंडियन ओवरसीज बैंक की किशोरगंज शाखा में हुई लूट में शामिल लुटेरों का सुराग देने वालों को ईनाम दिया जाएगा। सीआईडी के एडीजी अजय कुमार सिंह ने बुधवार को यह ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस लूटकांड से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। कोई भी शख्स कभी भी और किसी भी वक्त फोन के मार्फत अथवा व्यक्तिगत तौर पर मिलकर इससे संबंधित जानकारी दे सकता है। इसके लिए संबंधित वरीय अधिकारियों के फोन नंबर जारी कर दिए हैं।

लूट मामलों की समीक्षा

एडीजी अजय कुमार ने रांची में हो रही बैंक लूट घटनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को बैंकों व उसके आसपास सुरक्षा को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक लुटेरों को जल्द से जल्द चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए ठोस कदम उठाया जाए। मीटिंग में सीआईडी की आईजी संपत मीणा, रांची रेंज के डीआईजी अमोल वी होमकर, एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, एसपी सीआईडी नरेंद्र कुमार सिंह, सिटी एससी किशोर कौशल और ग्रामीण एसपी राजकुमार लकड़ा समेत कई डीएसपी मौजूद थे।

इन नंबर्स पर दे सकते हैं जानकारी

-एडीजी सीआईडी : 9771432100

-रांची डीआईजी : 9431706118

-एसएसपी, रांची 94317 06136.

तीन लुटेरे ले उड़े थे 7.65 लाख

इसी सोमवार को इंडियन ओवरसीज बैंक से लुटेरों ने 7.65 लाख रुपए लूट लिए थे। लूट की इस घटना को तीन लुटेरों ने अंजाम दिया था। बाइक पर आए सभी लुटेरे हेलमेट पहने हुए थे। इन्होंने अपने हाथ में पिस्टल भी ले रखा था। दोपहर तीन बजे बैंक लूटने के बाद सभी लुटेरे बाइक पर बैठकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने चार्जशीटेड अपराधी टेनिया को हिरासत में भी लिया, लेकिन पूछताछ के दौरान कोई जानकारी नहीं मिल सकी।