- सुंदरपाड़ा से लौटने के दौरान प्रदर्शनकारी ने आंख पर मारा डंडा

आगरा। दलित समाज के प्रदर्शन में कई जांबाज पुलिसकर्मी भी शिकार बने। रावली चौराहे पर जब हालात बेकाबू हुए तो एसआई अवनीश त्यागी चंद पुलिसकर्मियों के साथ हजारों की संख्या में सामने से आ रहे प्रदर्शनकारियों से भिड़ गए। उन्हें दूर तक दौड़ाकर सड़क मुक्त कराई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हमले में वह चोटिल हो गए। उनकी आंख के पास गंभीर चोट आई।

बवालियों को खदेड़ने में घायल

सोमवार सुबह फोर्स के साथ एसआई अवनीश त्यागी हाथ में डंडा लेकर धाकरान से रावली का चक्कर लगा रहे थे। शाम करीब चार बजे जब प्रदर्शनकारी नहीं मानें तो पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। उस दौरान फायरिंग के बाद भी हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी फिर से कलेक्ट्रेट तिराहे की तरफ आ रहे थे। एसआई त्यागी ने चार सिपाहियों के साथ बवालियों के पीछे दौड़ लगा दी।

फिर भी दौड़ाए प्रदर्शनकारी

बवालियों को सुंदरपाड़ा की तरफ दौड़ा दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी लौटने लगे। एसआई त्यागी भी लौटने लगे। जैसे ही वह पीछे घूमे, वैसे ही पीछे से प्रदर्शनकारियों ने आकर हमला कर दिया। किसी ने उनकी आंख में डंडा मार दिया। डंडा लगते ही आंख की तरफ से खून की धार निकलने लगी। इसके बाद भी वह प्रदर्शनकारियों को गली में अंदर तक दौड़ा कर आए।

आंख की रोशनी पर पड़ा असर

एसआई को न्यू आगरा स्थित हॉस्पिटल में एडमिट कराया। अवनीश त्यागी ने बताया कि उन्हें एक आंख से दिखना बंद हो गया है। चिकित्सक से बात की तो बताया गया कि आंख की रोशनी पर असर पड़ा है। इसे ठीक होने में अभी समय लगेगा।

कई वारदात का किया खुलासा

वर्ष 2016 में अवनीश त्यागी ने बतौर सब इंस्पेक्टर आगरा में थाना हरीपर्वत घटिया पुलिस चौकी में चौकी इंजार्च का कार्यभार संभाला। इस दौरान कई गैंग पकड़कर खुलासा किया। इसके बाद वह थाना छत्ता की बेलनगंज चौकी के इंचार्ज बने। यहां पर रहकर 30 लाख की चोरी का खुलासा किया। इसके अलावा शाहगंज में हुई सर्राफ से लूट के मामले में अयूब गैंग को पकड़कर खुलासा करवाने में मदद की। थाना छत्ता स्थित बेलनगंज चौराहे को जाम से मुक्त कराने में भी एसआई त्यागी का अहम रोल रहा। मौजूदा समय में वह दयालबाग चौकी इंजार्च के पद पर तैनात हैं।

दिल्ली से परिवार आया आगरा

एसआई त्यागी का परिवार दिल्ली में रहता है। परिवार को जैसे ही घायल होने की बात पता चली तो दिल्ली से आगरा चल दिए। परिवार ने यहां पर आकर राहत की सांस ली। अवनीश त्यागी का बेटा बीटेक कर रहा है व बेटी 11वीं की छात्रा है।