बकाए पैसे को भी लेकर चल रहा था विजय का आरोपी राजकुमार से विवाद

पुलिस ने जांच में दोनों एंगल को किया शामिल, घटना से पहले दोनों में जमकर हुई थी जूतम पैजार

ALLAHABAD: ट्रांसपोर्टर विजय सिंह पटेल की हत्या की गुत्थी अब भी पुलिस सुलझा नहीं सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिवार के सदस्यों से जो जानकारी पुलिस को मिली है उसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। प्रथम दृष्टया दो कारण पुलिस के लिए चुनौती हैं। पहला बकाए का भुगतान न करने को लेकर विवाद और दूसरा आरोपी राजकुमार का मृतक की पत्‍‌नी से करीबी। पुलिस ने आशिक के परिवार वालों को हिरासत में ले लिया है। गुरुवार की देर शाम तक पुलिस की निष्कर्ष तक नहीं पहुंची थी।

खून से सना चाकू बरामद

बता दें कि बुधवार को मुंडेरा मंडी कैंपस में ट्रांसपोर्टर विजय सिंह पटेल उर्फ राजू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर कुल तीन लोग थे। मौत से पहले मृतक का दो अन्य लोगों ने जमकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में जमकर पटका-पटकी हुई थी। इस दौरान दोनों पक्ष एक बार नाली में जा गिरे थे। यह देखकर सैकड़ों की भीड़ मौके पर जुट गई थी लेकिन किसी ने फोन पर इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। पुलिस को सूचना ही चाकू मार दिए जाने के बाद दी गई। नतीजा पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर भाग निकले थे। पुलिस ने स्पॉट से ही खून से सना चाकू बरामद कर लिया था।

बकाया पैसे को लेकर बात से शुरुआत

जानकारी के अनुसार मृतक विजय के आधा दर्जन से अधिक ट्रक चलते हैं। कुछ महीने पहले उसने अपनी एक ट्रक राजकुमार को बेची थी। इसका पैसा करीब छह लाख रुपए बाकी था। राजकुमार से यह पैसा निकलवाने के लिए विजय परेशान था। राजकुमार पर दबाव बना रहा था कि पैसे का भुगतान हो जाय। राजकुमार चाहता था कि पैसा कुछ कम हो जाए। इसके लिए उसने मीरापट्टी निवासी आढ़ती जितेंन्द्र से सम्पर्क किया। जितेन्द्र, विजय का करीबी बताया गया है। जितेन्द्र ने ही विजय को मुण्डेरा मंडी के अंदर बुलाया था। पुलिस का कहना है कि उस वक्त जितेंन्द्र के साथ राजकुमार और उसका साला गुड्डू भी मौजूद था। शुरुआत पैसा को लेकर सेटिंग कराने से हुई और बढ़ते-बढ़ते ट्रांसपोर्टर की बीवी और राजकुमार के संबंधों तक पहुंच गयी। इसके बाद दोनों में घमासान शुरू हो गया। जिस तख्त पर वे लोग बैठे थे उसी पर तेजधार चाकू पड़ी थी। उसी चाकू से विजय पर हमला किया गया। उसके पेट और गर्दन पर वार किया गया था। जिसके बाद वह जमीन पर लहुलुहान होकर गिर पड़ा।

तीन लोगों का नाम सामने आ रहा है। पुलिस अपनी जांच में लगी है। हर एंगल को तलाशा जा रहा है। कोशिश है कि जल्द ही खुलासा कर दिया जाय।

अशोक कुमार दुबे

एसओ, धूमनगंज