रांची: सिटी में मटका का धंधा जोर पकड़ता जा रहा है। खास यह है कि इस काले धंधे को पुलिस से सेटिंग करके चलाया जा रहा है। कई कुख्यात अपराधियों को अपने साथ जोड़ा गया है। खाकी का साथ मिल जाने से यह धंधा सिटी के कई इलाकों में दबंगई के बल पर बेखौफ चलाया जा रहा है। कभी कभार पुलिस मटका कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तो करती है लेकिन उसे सिर्फ आईवाश ही बताया जा रहा है। इसके बाद भी पुलिस का दावा है कि जो कार्रवाई की जा रही है उससे इस धंधे पर रोक लगी है। जबकि इससे इतर पुख्ता सूचना ये भी है कि राजधानी रांची के कई थाना क्षेत्रों में मटका खेल से जुड़े कई अनाम गिरोह एक्टिव हैं जो उसके इस दावे को खारिज करने के लिए काफी है।

पुलिस का नहीं खौफ

सिटी में हर दिन लगभग 50 लाख रुपए का मटका कारोबार होता है। इस तरह महीने में तकरीबन 15 करोड़ का मटका कारोबार पहुंच जा रहा है। आरोप है कि मटका का इस खेल को पुलिस का संरक्षण मिला हुआ है। यही वजह है कि यह बेरोक-टोक चल रहा है। दिखावे के लिए पुलिस कभी-कभार कार्रवाई करती है। इस क्रम में बीते सोमवार को रातू रोड से तीन मटका कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया। लेकिन इसके बाद भी इस धंधे से जुड़े गिरोह में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। मंगलवार को भी सिटी के कई थाना क्षेत्रों में धड़ल्ले से मटका का खेल कराया गया।

इन एरिया में ब्लैक धंधा

शहर के लोअर बाजार थाना क्षेत्र स्थित मेन रोड, कलाल टोली, चुटिया थाना क्षेत्र, जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के लीची बगान और जगन्नाथपुर मंदिर के पीछे, सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के मधुकम, इंद्रपुरी रोड नंबर 10, अलकापुरी खादगढ़ा सब्जी मंडी और किशोरगंज संस्कृत कॉलेज के आसपास के क्षेत्रों में। इसके अलावा लोअर बाजार, नामकुम थाना बॉर्डर, मौलाना आजाद कॉलोनी के पास व रातू थाना क्षेत्र भी मटका कारोबार से अछूता नहीं रह गया है।

अलग अलग टाइम फिक्स

रांची में मटका कारोबार अलग अलग टाइम पर किया जा रहा है। जिसमें भूतनाथ मटका शाम के 5.50 बजे ओपेन होता है और 8.50 बजे क्लोज हो जाता है। जबकि बरली मटका रात के 9.50 बजे ओपेन होता है और रात के 12.50 बजे क्लोज हो जाता है। लेकिन मटका खेलने वालों को इसका रिजल्ट अगले दिन सुबह छह-सात बजे मिल पाता है। इसके अलावा शक्ति मटका दिन के 2.50 बजे ओपेन होता है और शाम 4.50 बजे क्लोज हो जाता है।

कर्बला चौक बन रहा मटका हब

कर्बला चौक इस बदनाम धंधे का हब बनता जा रहा है। इतना ही नहीं कैसे नंबर गेस करके मटका के जरिए ज्यादा पैसा बनाया जाए, इसके लिए कुछ गेस पेपर्स की बिक्री भी खुलेआम की जा रही है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला चौक पर एक छोटी सी दुकान मे सप्ताह में एक दिन सिर्फ मटका खेलने को लेकर किताबें व गेस पेपर की बिक्री की जाती है।

वर्जन

मटका के धंधे को जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा। इस धंधे में अगर कोई पुलिसकर्मी संलिप्त है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस धंधे पर रोक के लिए जल्द ऑपरेशन चलाएगी।

अनीश गुप्ता, एसएसपी, रांची