संडे दोपहर भूकंप के दौरान छज्जे समेत नीचे गिरी लेडी कांस्टेबल, गंभीर रूप से घायल

पुलिस लाइंस के ज्यादातर क्वार्टर हैं जर्जर, नहीं होती मरम्मत

BAREILLY: भूकंप ने बरेलियंस को भी हिलाकर रख दिया है। पुलिस भी तेज भूकंप आने पर पूरी तरह से धराशायी हो जाएगी। क्योंकि पुलिसकर्मी जिन क्वार्टरों में रह रहे हैं वो पूरी तरह से जर्जर हैं। चाहें पुरानी हो या फिर नई पुलिस लाइंस दोनों जगह यही हाल है। संडे को आए भूकंप में एक लेडी कांस्टेबल छज्जे सहित जमीन पर आकर गिरी। लेडी कांस्टेबल को गंभीर चोटें आयी हैं। उसका प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

डरे हुए हैं परिजन

लेडी कांस्टेबल लवली शर्मा पुलिस आफिस स्थित जन सूचना सेल में तैनात हैं। वह नई पुलिस लाइंस में फ‌र्स्ट फ्लोर के क्वार्टर में रहती हैं। संडे दोपहर वह छज्जे पर रखा पोछा उठा रही थीं। इसी दौरान भूकंप के झटके आए और लवली छज्जे सहित नीचे गिर गई। उसके गिरने से टीन भी टूट गई और वह नीचे के क्वार्टर में जाकर गिरी। लवली की रीढ़ की हड्डी टूटना बताया जा रहा है। इस घटना से पुलिस के परिवार वाले काफी डरे हुए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारी अन्य भवन की मरम्मत तो समय-समय पर कराते रहते हैं लेकिन उनके घरों की ओर कोई झांकने नहीं आता है। वह लोग खुद ही अपने घरों की मरम्मत समय-समय पर कराते रहते हैं।

सारे क्वार्टर जीर्ण-शीर्ण हैं। इनमें रहने से ही डर लगता है। भूकंप आने और हादसे के बाद से ज्यादा डर सताने लगा है।

पुष्पेंद्र, पुलिस लाइंस निवासी

लेडी कांस्टेबल छज्जे से नीचे गिर गई थीं। क्वार्टर पूरी तरह से खराब हैं। डर तो लगता है, लेकिन क्या करें रहना पड़ता है।

अजीत यादव, पुलिस लाइंस निवासी