-ग‌र्ल्स स्कूलों के बाहर छेड़खानी रोकने के लिए छुट्टी के समय मौजूद रहे पुलिस अधिकारी

ALLAHABAD: छेड़खानी की लगातार बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सोमवार को पुलिस टीमों ने ग‌र्ल्स कॉलेजों पर पहुंच वहां घूम रहे युवकों को भगाया। इस दौरान पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों ने छात्राओं से बातचीत की और उसकी समस्याएं भी सुनीं। स्कूल-कॉलेज लगने और छूटने के वक्त फोर्स गेट और आसपास की सड़कों पर मौजूद रही। शहर के पार्को, मॉल, शापिंग काम्पलेक्स, समेत सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस टीमें मौजूद रही। इस दौरान अधिकारियों ने इन जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा का हाल देखा।

रक्षाबंधन पर शुरू हुआ विशेष अभियान

सूबे में महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डीजीपी के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं, महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर शहर में अभियान चलाया। रक्षा बंधन के पर्व पर शुरू हुए अभियान के अन्तर्गत सोमवार को सभी थानों की पुलिस महिला पुलिसकर्मियों के साथ अपने अपने क्षेत्रों में पड़ने वाले गल्स स्कूल और कालेज पर पहुंची। स्कूल गेट और आसपास बेमतलब खड़े युवकों को वहां से भगाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने कई युवकों से पूछताछ कर उनके परिवार वालों को जानकारी दी गई। छात्राओं से भी रास्ते में घर जाते समय किसी भी प्रकार परेशानी को लेकर भी पुलिस ने जानकारी ली। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लड़कियों को बताया गया कि पुलिस उनके साथ है, यदि कोई परेशान करता है तो तुरंत कॉल करें। सार्वजनिक स्थलों पर भी महिलाओं की सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। मॉल में भी महिला पुलिसकर्मियों ने घूम आधी आबादी को भरोसा दिलाया। शहर में अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव ने किया।

वर्जन

ग‌र्ल्स कॉलेज के साथ ही पार्क व सार्वजनिक स्थानों पर लड़कियों और महिलाओं को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। यह भी ध्यान रखा जा रहा है कि किसी भी प्रकार की अभद्रता ना हो। आगे भी इसी प्रकार का अभियान चलाया जाएगा।

-नितिन तिवारी, एसएसपी