CHAKRADHARPUR: नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान कोल्हान के जंगलों में पुलिस के साथ नक्सलियों की भीषण मुठभेड़ हुई। गोइलकेरा व टोंटो थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में बुधवार की सुबह सुरक्षा बलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में झारखंड जगुआर सेवेन का कमलेश नामक एक जवान घायल हो गया। बताया जा रहा है कि नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट के दौरान इसकी जद में आकर जवान घायल हो गया। उसे उपचार के लिए हुसीपी स्कूल मैदान से हेलीकॉप्टर द्वारा रांची ले जाया गया है।

दस्ते को घेरा

जानकारी के अनुसार बुधवार की अहले सुबह करीब पांच बजे सर्च ऑपरेशन चला रहे जगुआर के जवानों के साथ टोंटो थाना क्षेत्र के हुसीपी गांव के पास नक्सलियों व सुरक्षा बलों में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली हैं। इसके कुछ देर बाद गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सांगाजाटा में भी पुलिस के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। वनग्राम मारादिरी के समीप के जंगलों में तीसरी और सुबह नौ बजे के करीब सारंडा के नौरंगा के पास बार पुलिस व नक्सली आमने सामने हो गए। नौरंगा में भी दोनों ओर से गोलीबारी हुई। जबकि मारादिरी के पास एक सौ राउंड से ज्यादा गोलियां चलीं। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों ने मिसिर बेसरा के दस्ते को जंगलों में घेर रखा है। नक्सलियों की तलाश के दौरान ही चारो जगहों पर मुठभेड़ हुई।

पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

इलाके में पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। इधर गोइलकेरा के कुईड़ा इलाके में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सकलदेव राम स्वयं फोर्स के साथ मौजूद रहे। किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए एक एंबुलेंस भी कुईड़ा में दिन भर रखी गई थी। जवानों की मदद के लिए एक चॉपर ने गोइलकेरा के संत पॉल स्कूल मैदान से उड़ान भरी। इधर पूरे मामले के सम्बंध में पूछे जाने पर कोई पुलिस अधिकारी मुंह खोलने को तैयार नहीं हुआ।