परिवहन आयुक्त के आदेश का नहीं हो पा रहा पालन

बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के मिल रही पंपों पर पेट्रोल

फीरोजाबाद : राज्य सड़क परिवहन निगम के आयुक्त के आदेश का दो दिन बाद भी कोई असर नहीं दिखा। यहां तो आम आदमी ही नहीं कानून के जानकार भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। हाईवे व शहर के अन्य मार्गो पर दरोगा, सिपाही व अन्य बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन दौड़ा रहे हैं, जबकि इन दिनों यातायात माह चल रहा है। कानून के ज्ञाता ही नियमों की अनदेखी करेंगे तो आम आदमी तो दूर की बात।

दो दिन पूर्व राज्य सड़क परिवहन निगम के आयुक्त के। रवींद्र नायक ने बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिना हेलमेट पेट्रोल और बिना सीट बेल्ट लगाए कार में डीजल-पेट्रोल न देने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी जिलों के जिलाधिकारियों को आदेश का पालन सख्ती से कराने को कहा गया है। आदेश को दो दिन हो गए, मगर जिले में आदेश का पालन नहीं हो रहा। बुधवार को भी पंपों पर पेट्रोल और डीजल बेधड़क वाहनों में डाला गया। हर एक पंप पर आदेश की अनदेखी होती दिखाई दी।

सुहाग नगरी में आम आदमी तो दूर कानून का पालन कराने वाले ही नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। शहरी सड़कों और हाईवे पर अनेक पुलिसकर्मी बिना हेलमेट दोपहिया वाहनों पर जाते दिखाई दिए। एक भी पुलिसकर्मी ऐसा दिखाई नहीं दिया जो हेलमेट लगाए हुए हो। यह हाल तब है जब यातायात माह चल रहा है। यातायात विभाग के कर्मचारी नियमों का पालन करा रहे हैं। इन अधिकारी और कर्मचारियों के भी पुलिस वाहनों के चालान करने में हाथ कांप गए। अन्य लोगों के जरूर चालान काटे गए और शमन शुल्क भी वसूला गया।