jamshedpur@inext.co.in
JAMSHEDPUR: आतंकी संगठन अलकायदा से जुड़े होने के संदेह में हरियाणा के मेवात से पकडे़ गए बिष्टुपुर धतकीडीह निवासी अब्दुल शामी की पेशी गुरुवार को अदालत हुई। जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के अवकाश में रहने के कारण एसीजेएम पवन कुमार की अदालत में उसे पेश किया गया। इसके बाद उसे पुन: आठ नवंबर को पेश कराने का आदेश दिल्ली पुलिस को अदालत ने दिया। उस दिन दौरा सुपुर्द (चार्ज फ्रेम) की प्रक्रिया होगी। पेशी के बाद आरोपित को दिल्ली पुलिस अपने साथ दिल्ली लेकर चली गई। अदालत में पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।

2016 में हुई रिपोर्ट दर्ज

बिष्टुपुर थाना के तत्कालीन इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने शामी के खिलाफ आंतकी संगठन से जुड़े रहने, देशद्रोह, विस्फोटक अधिनियम और आ‌र्म्स एक्ट के तहत बिष्टुपुर थाने में 20 जनवरी 2016 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी मामले में अब्दुल रहमान कटकी, नसीम, अहमद मसूद को दिल्ली की स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस अहमद मसूद के धतकीडीह रज्जाक कॉलोनी आवास से आतंकी गतिविधि से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किए गए थे। अहमद मसूद और नसीम दोनों घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंद हैं। अब्दुल रहमान कटकी ओडिशा का निवासी है। उसे 15 दिसंबर 15 को गिरफ्तार किया था। कटकी की निशानदेही पर अब्दुल शामी को हरियाणा से 18 जनवरी 2016 को पकड़ा गया था। बिष्टुपुर पुलिस ने अदालत परिसर में ही अब्दुल शामी से विभागीय कागजात पर हस्ताक्षर कराया गया। इस कार्रवाई के बाद उसके अधिवक्ता दिलीप महतो कागजात अदालत से हासिल कर सकते हैं।

शामी से मिलने पहुंचे थे उनके परिजन

अब्दुल शामी को जब दिल्ली व बिष्टुपुर पुलिस अदालत लेकर पहुंची तो पहले से ही शामी के पिता, चाचा और परिजन उपस्थित थे, लेकिन वे लोग ज्यादा देर तक उससे बात नहीं कर सके। शामी को बुधवार की रात दिल्ली के तिहाड़ जेल से जमशेदपुर लाया गया था।

12 अक्टूबर को भी लाया गया था

अब्दुल शामी को दिल्ली पुलिस 12 अक्टूबर को अदालत में पेशी कराने के लिए दिल्ली से जमशेदपुर लेकर आई थी। विलंब से अदालत पहुंचने के कारण उस दिन उसकी पेशी नहीं हो पाई थी। अदालत ने 25 अक्टूबर को उसकी पेशी कराने का आदेश दिया। इससे उसे दिल्ली पुलिस तिहाड़ जेल लेकर लौट गई थी।

शामी और कटकी की निशानदेही पर दो की शहर से हुई थी गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल बांच की सूचना पर जमशेदपुर पुलिस ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र धातकीडीह के रज्जाक कॉलोनी निवासी अब्दुल मसूद और पुरुलिया रोड से मो। नसीम को गिरफ्तार किया था। इन पर भी अलकायदा के लिए काम करने का आरोप है। इन लोगों के पास से अलकायदा से संबधित संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए थे। बिष्टुपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार के बयान पर अब्दुल शामी, अब्दुल मसूद, मो। नसीम उर्फ राजू व अब्दुल रहमान कटकी पर मामला दर्ज किया गया था।