मनकामेश्वर मंदिर के पास पांच सौ व एक हजार रुपए के पुराने नोटों से भरा बैग मिला

गिनती के बाद पुलिस ने किया पांच लाख से अधिक रकम होने का दावा

ALLAHABAD: यमुना तट पर मनकामेश्वर मंदिर के पास शुक्रवार सुबह पांच सौ व एक हजार रुपए के पुराने नोट से भरा बैग मिलने से हड़कंप मच गया। नोट मिलने की खबर वायरल होते ही मौके पर मल्लाह और आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी होते ही कीडगंज थाने की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पुराने नोट से भरे बैग को लेकर पुलिस थाने पहुंची। थाने में नोटों की गिरती के बाद पुलिस ने बताया कि कुल रकम पांच लाख, आठ हजार, पांच सौ रुपए है। इन नोटों को यहां फेकने वाले की तलाश में पुलिस जुट गई है।

जांच में जुटी पुलिस

दारागंज निवासी शिवबाबू रोज की तरह शुक्रवार की सुबह यमुना में नाव लेकर दूसरे घाट जा रहा थे। तभी उनकी नजर मनकामेश्वर मंदिर के पीछे घाट पर पड़े बैग पर पड़ी, तो वह नाव को घाट पर लगाकर बैग के पास पहुंचे। बैग खोलकर देखा तो उसमें पांच सौ और एक हजार रुपए के पुराने नोट भरे थे। यह देखते ही वह अवाक रह गए। नोट मिलने की जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने बैग में पुराने नोट मिलने की सूचना कीडगंज पुलिस को दी। खबर पाकर इंस्पेक्टर कीडगंज संतोष त्यागी मौके पर पहुंचे और लावारिस बैग को खोलकर चेक किए। इसके बाद बैग को कब्जे में लेकर थाने पहुंचे। थाने में नोटों की गिनती की गई। पुलिस ने बताया कि बैग में पांच सौ रुपए के कुल 53 और एक हजार रुपए के 241 नोट थे। लाखों की रकम किसने और कब फेंकी इसका पता नहीं चल सका है। आशंका है कि किसी ने गुरुवार की रात नोट को यहां फेंका होगा।

मंदिर के पास से पांच सौ और एक हजार रुपए के पुराने नोट बैग मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। नोटों को यहां किसने और कब फेंका है, यह पता लगाया जा रहा है।

संतोष त्यागी

इंस्पेक्टर कीडगंज