-महिला पुलिसकर्मियों की एसएसपी ने सुनी फरियाद, नगर निगम भी जागा

- थानों में बनेंगे टॉयलेट और नगर निगम शहर में बनाएगा करीब 8 हजार टॉयलेट्स,

BAREILLY: दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से पिछले कई दिनों से चलाई जा रही मुहिम 'जाएं तो जाएं कहां' अब रंग लाने लगी है। शहरवासियों और व्यापारियों की टॉयलेट की समस्याओं से अवगत कराने के बाद अब नगर निगम के अधिकारी एक्शन प्लान तैयार करने में जुट गए हैं। उन्होंने जिले में करीब साढ़े आठ हजार टॉयलेट्स बनाए जाने की कवायद शुरू कर दी है। इसमें करीब डेढ़ सौ टॉयलेट्स रोटरी क्लब की ओर से बनाए जाएंगे। रोटरी क्लब को इंडस्ट्रियल एरिया में टॉयलेट बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा मार्केट्स में नगर निगम टॉयलेट बनाएगा। वहीं एसएसपी ने भी महिला पुलिसकर्मियों की गुहार सुन ली है और थानों में महिलाओं के लिए सेपरेट टायलेट बनाने की बात कही है।

थानों से हुई अभियान की शुरुआत

जाएं तो जाएं कहां अभियान की शुरुआत सबसे पहले पुलिस थानों से की गई। जिसमें बताया गया कि शहर के अधिकांश थानों में महिलाओं के लिए अलग से टॉयलेट ही नहीं हैं, जिसकी वजह से महिला कांस्टेबल और महिला फरियादियों को टॉयलेट जाने में काफी प्रॉब्लम होती है। यही नहीं पुरुष टॉयलेट की भी हालत अच्छी नहीं है। उसके बाद सरकारी ऑफिसेस व मार्केट में भी टायलेट की स्थिति का जायजा लिया तो कहीं भी टायलेट नहीं मिले। बरेली में 29 थाने हैं, अब सभी थानों में टॉयलेट बनने की उम्मीद जगी है।

यह है मार्केट की स्थिति

मार्केट में 'जाएं तो जाएं कहां' की समस्या को दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने पिछले माह प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद 4 जुलाई को नगर निगम में आयोजित बोर्ड बैठक में पार्षदों ने इस मामले का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा था, जिसके बाद मेयर डॉ। आईएस तोमर और नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत पार्षदों ने टॉयलेट्स बनाए जाने के प्रस्ताव पर सहमति जता दी थी, जिसके बाद पूर्व में बनाए गए प्रस्ताव पर मुहर लगी और उसके लिए पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। साथ ही, लोगों को शौचालय प्रयोग करने के लिए जल्द ही स्वच्छता अभियान के तहत जागरुकता कार्यक्रम भी चलाने के निर्देश हैं।

एक नजर में।

- 7919 घरेलू शौचायल बनेंगे

- 162 टॉयलेट रोटरी क्लब बनाएगा

- 22 सामुदायिक शौचालय बनेंगे

- 90 जन शौचालय बनेंगे

बाजारों में शौचालय बनाने का प्रस्ताव पास है। व्यक्तिगत शौचालय बनने शुरू हो गए हैं। पब्लिक और कम्युनिटी टॉयलेट्स जल्द बनाए जाएंगे। ताकि किसी को कोई प्रॉब्लम न हो।

राजेश कुमार श्रीवास्तव, नगर आयुक्त

थानों में महिलाओं के टायलेट न होने की प्राब्लम को दूर किया जाएगा। जल्द ही महिलाओं के लिए अलग से टायलेट बनाए जाएंगे।

जोगेंद्र कुमार, एसएसपी बरेली