3 जुलाई से गायब थी, चार को कौशांबी में हाईवे किनारे मिली थी बॉडी

तीन लोगों ने मिलकर दिया था हत्या को अंजाम, रजिस्टर्ड पति भी था शामिल

कानपुर हाई वे के किनारे कौशांबी जिले के पोन्नाई गांव के हत्या करके फेंकी गयी युवती इलाहाबाद की रहने वाली हिना तलरेजा ही थी। हत्या उसके रजिस्टर्ड पति ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी और कारण था ब्लैकमेल करना। शनिवार को कौशांबी पुलिस ने इस घटना का खुलासा उसके रजिस्टर्ड पति को गिरफ्तार करने के बाद किया।

गोली मारकर की गई थी हत्या

चार जुलाई की रात कोखराज थाना क्षेत्र में पन्नोई गांव के सामने हाइवे किनारे एक महिला का शव मिला था। उसकी हत्या गोली मारकर की गई थी। गोली लगने से चेहरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते उसकी पहचान हो पाना मुश्किल था। कई दिन की कोशिश के बाद पुलिस को एक क्लू मिला कि मरने वाली युवती इलाहाबाद की मीरगंज रहने वाली थी। वह यहां अपनी बूढ़ी मां के साथ रहती थी। वह उसे ठीक से नहीं पहचान पाई। लेकिन, पुलिस ने हिना के बारे में जानकारियां जुटाना शुरू की तो पता चल गया कि वह हिना ही थी।

करेली के युवक से की थी शादी

पुलिस ने हिना के बारे में जानकारी इकट्ठा करनी शुरू की तो उसे करेली के रहने वाले अदनान के बारे में पता चला। जांच में पता चला कि हिना तलरेजा का बीते दो साल से इलाहाबाद के करैली निवासी अदनान खां के साथ अवैध संबंध थे। दोनों ने शादी भी कर ली थी। इसका रजिस्टर्ड डाक्यूमेंट भी पुलिस के हाथ लग गया। इसके बाद पुलिस ने अदनान की घेराबंदी शुरू कर दी।

पैसे की डिमांड पर विवाद

शनिवार को पकड़े गए अदनान ने कौशांबी पुलिस के सामने हिना की हत्या करना कबूल कर लिया है। उसने इसमें शामिल अपने साथियों के नाम भी बता दिए हैं। अदनान ने पुलिस को बताया कि चार जुलाई को वह हिना को होटल में खाना खिलाने के बहाने ले गया था। उसके साथ दो दोस्त भी थे। दोनों ने बेहतरीन मौसम का हवाला देकर हिना से रात में कानपुर हाईवे की तरफ चलने का आग्रह किया तो वह साजिश से अंजाम होने के चलते साथ जाने को तैयार हो गई। घटनास्थल पर सुनसान जगह देखकर उन्होंने उसे गोली मार दी और भाग निकले।

फेसबुक से हुई थी पहचान

अदनान ने बताया कि उसकी हिना से पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। चैटिंग के बाद दोनों ने मिलना-जुलना शुरू कर दिया। इसके बाद रिश्ता आगे बढ़ गया और शारीरिक संबंध बन गए तो हिना उससे अक्सर पैसों की डिमांड करने लगी। इससे साथ उसके कई अन्य युवकों से संबंध थे। इसी से तंग आकर ने उसे ठिकाने लगाने का फैसला लिया।

करेली पुलिस के सहयोग से अदनान गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो की तलाश चल रही है।

बृजेश द्विवेदी

एसओ, कोखराज