कसानों के लिए धोखा है बजट

PRAYAGRAJ: कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य और उत्तराखंड राज्य के पार्टी प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह ने अंतरिम बजट को किसानों के लिए धोखा बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल राज करने और पांच राज्यों में चुनाव हारने के बाद आयकर में पांच लाख छूट का वादा पूरा किया है। महंगाई घटाने के लिए पेट्रोलियम पदार्थ और उपयोगी वस्तुओं के दाम में छूट नही दी गई है। किसानों को 17 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से सम्मान देना अपमान जैसा है।

जुमला निकला चुनावी बजट

उप्र कांग्रेस राज्य कार्य समिति के सदस्य एवं प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय ने कहा कि आम चुनाव से पहले पेश अंतरिम बजट भी एक जुमले से अधिक कुछ नही है। आयकर छूट का लाभ इस साल नही मिलेगा। किसानों को 500 रुपए माहवार राहत से हालात नही बदलेंगे। बजट के जरिए लोगों को गुमराह और मूर्ख बनाया जा रहा है।

बजट में सभी का रखा गया है ध्यान

वरिष्ठ पार्षद किरन जायसवाल ने आम बजट की सराहना की है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए मातृ वंदन योजना, उज्जवला गैस योजना 8 करोड़ लोगों तक पहुंचाने और 5 लाख तक की आय को करमुक्त करना ऐतिहासिक फैसला है। बजट में कर्मचारी, किसान, मजदूर, महिलाओं सभी का ध्यान रखा गया है।

वायदा था 15 लाख, दिया 17 रुपए

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस बार बजट से किसान एक बार फिर छला गया है। कर्ज माफी की उम्मीद लगाए बैठे किसानों को निराशा ही हाथ लगी है। उम्मीद थी कि साधारण इंसान को मिनिमम इनकम गारंटी की घोषणा होगी, उसकी भी हवा निकल गयी। वायदा था 15 लाख का और दिया 17 रुपए रोज, वह भी आखिरी तीन महीनों में।