- चौ। हरमोहन सिंह यादव की जयंती पर शहर आए शिवपाल सिंह यादव ने कहा, झांसे में नहीं आएगी पब्लिक

KANPUR : समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि विधानसभा चुनाव करीब आते ही भाजपा को भगवान राम की याद आने लगी है। उनके नेता इस मुद्दे को गरमाने के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं। भाजपा भले ही राम का नाम लेकर चुनावी वैतरणी पार करना चाहती है, लेकिन पब्लिक उनके झांसे में नहीं आने वाली।

पार्टी में कोई फूट नहीं

सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल चौ। हरमोहन सिंह यादव की 95वी जयंती के मौके पर मेहरबान सिंह का पुरवा आए थे। उन्होंने कुछ पार्टी नेताओं को निकाले जाने के सवाल पर कहा कि जो भी अनुशासन तोड़ेगा उसे बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा पदाधिकारी हो। उन्होंने सपा में फूट की बातों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने सभी वादे पूरे किए हैं। इसका परिणाम चुनाव में मिल जाएगा। कार्यकर्ताओं के हो हुल्लड़ की वजह से शिवपाल ने मीडिया के कई सवालों का जवाब नहीं दिया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मुकट, गदा व तलवार भेंट कर सम्मानित किया।

सेल्फी लेने की होड़

शिवपाल यादव के मंच पर तमाम कार्यकर्ता चढ़ गए और फेसबुक और व्हाट्सअप पर फोटो अपडेट करने के लिए सेल्फी लेने में जुट गए। इस पर शिवपाल बहुत नाराज हुए और कई नेताओं को मंच से नीचे उतार दिया गया।