पीसीसी चीफ बोले, वह नहीं बोलेंगे वंदेमातरम्, हिम्मत हो तो बाहर निकालो

DEHRADUN:

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उच्च शिक्षा व सहकारिता राज्यमंत्री डॉ। धन सिंह रावत के बयान 'उत्तराखंड में रहना है तो वंदेमातरम कहना होगा' पर तीखी प्रतिक्रिया जताई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय सरकार को चुनौती दी कि वह वंदेमातरम नहीं बोलेंगे, हिम्मत है तो उन्हें राज्य से बाहर निकालकर दिखाया जाए। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से मुखातिब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के जन्म से पहले से ही लोगों में देशभक्ति का जज्बा रहा है। कांग्रेस अपने कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम से करती रही है, लेकिन सरकार के राज्यमंत्री जानबूझकर माहौल को खराब करने का बयान देते हैं और मुख्यमंत्री उनका समर्थन करते हैं, यह दुखद है। भाजपा की इस रीति-नीति से ही कश्मीर की स्थिति बदतर हो रही है। राज्य मुख्यधारा से कट रहा है। इन हालात में कश्मीर को बचाया जा सकेगा, इसे लेकर संदेह होना स्वाभाविक है। लोकसभा उपचुनाव में हालत और बिगड़े हैं।