-पीडि़त व्यापारियों के समर्थन में कांग्रेस भी कूदी

-सरकार हर प्लास्टिक निर्मित सामग्री पर लगाए रोक

देहरादून, प्लास्टिक, थर्माकोल व पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाने को चलाए जा रहे छापामारी अभियान को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई पर थर्सडे को कांग्रेसी नेताओं ने हनुमान चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। का्रंग्रेसी नेताओं ने कहा कि प्रशासन जान-बूझकर व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। कहा कि अगर सरकार पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाना ही चाहती है तो प्लास्टिक और पॉलीथिन से बनी हर चीज और पैकिंग को बैन किया जाए।

गढ़वाल कमिश्नर के हैं आदेश

गढ़वाल कमिश्नर दिलीप जावलकर के निर्देश पर आजकल दून से लेकर गढ़वाल मंडल के तमाम शहरों में पॉलीथीन, थर्माकोल व प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के लिए लगातार अभियान जारी है। छह मार्च से लेकर लगातार तीन दिन प्रशासन ने पॉलीथिन व थर्माकोल डिस्पोजेबल को लेकर छापामारी की। इसके बाद अभियान ठप हो गया था। गढ़वाल कमिश्नर के नाराजगी जताने पर इन दिनों फिर अभियान में तेजी आई। पिछले तीन दिनों से दून ही नहीं पूरे मंडल में पॉलीथिन और प्लास्टिक डिस्पोजेबल को लेकर फिर अभियान छेड़ा गया।

व्यापारियों में जबर्दस्त आक्रोश

इस बीच तेज हुई प्रशासन की छापेमारी से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों ने पॉलीथिन जब्त करने व जुर्माने की कार्रवाई को व्यापारियों का उत्पीड़न बताया है और खुलकर इस अभियान के विरोध में उतर आए हैं। व्यापारियों के इस आंदोलन को समर्थन देने खुद भाजपा के व्यापारी नेता उमेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। थर्सडे को कांग्रेस के नेता भी व्यापारियों के समर्थन में हनुमान चौक पर पहुंचे। जहां उन्होंने सरकार पर जमकर हमला किया। कांग्रेसी नेताओं ने व्यापारियों का समर्थन करते हुए कहा कि या तो सरकार को जीएसटी हटा देना चाहिए या फिर प्लास्टिक से तैयारी सभी सामग्रियों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। जिसमें दूध की थैलियां, चिप्स के रैपर व प्लास्टिक की कोल्ड ड्रिंक बोतल भी शामिल हों।