- बवाल के बाद भारी पुलिस बल तैनात

- स्थानीय लोगों ने बयां किया अपना दुख

LUCKNOW: गोमती नगर के विनित खंड दो स्थित प्रज्ञा पार्क में मंगलवार को दो पक्षों में हुई भिड़ंत के बाद पार्क को छावनी बना दिया गया है। यहां पुलिस और पीएसी के जवान तैनात हैं। यहां पर पार्क 6 जुलाई से लगातार तैनात है। लेकिन, बवाल की आशंका से मंगलवार के बाद फोर्स बढ़ा दी गई है। पुलिस अफसर कैंप कर रहे हैं।

सुरक्षा बलों की मेहमाननवाजी

पार्क में तैनात फोर्स का स्थानीय लोग मेहमानों की तरह स्वागत कर रहे हैं। उन्हें घरों से कुर्सी, चारपाई उपलब्ध कराई है। पार्क में दो पक्षों में धार्मिक आयोजन को लेकर माहौल काफी गरमा गया था, जिसके बाद यहां पर फोर्स तैनात की गई है। प्रज्ञा पार्क एलडीए ने डेवलप कराया था। इस कॉलोनी को करीब बीस वर्ष पहले बसाया गया था।

'अमन ही चाहते हैं स्थानीय'

स्थानीय लोगों ने कहा कि दोनों पक्षों को एक-दूसरे से कभी कोई दिक्कत नहीं। लेकिन, चंद लोग यहां का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। लोग कहते हैं हम मिलकर भाईचारे के साथ रहें और यहां अमन कायम रहे।

मंगलवार को जो हुआ वो दुखद था। वर्षो से पार्क में दोनों पक्षों के धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। किसी को आपत्ति नहीं थी। चंद लोगों के भड़काने पर पूरा माहौल खराब करने की कोशिश की गई।

- संदीप राय

हम लोग करीब 20 वर्षो से यहां रह रहे है। आज तक ऐसा माहौल नहीं देखा। सब लोग मिलजुल कर रहते हैं। लोगों की गलत मंशा ने पूरे माहौल को खराब करने की कोशिश की।

- अनीता

हम लोग कई वर्षो से यहां रह रहे हैं। दोनों पक्षों के लोग हंसी-खुशी रहते हैं। पता नहीं कौन लोग माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। इसका नुकसान तो दोनों तरफ के परिवारों को भुगताना पड़ता है।

- फिरदौस

केवल अपने इगो के लिए यह सब बवाल किया गया। कुछ लोगों ने अपने मतलब के लिए दोनों तरफ के लोगों में विरोध पैदा करने की नाकाम कोशिश की। यहां ऐसा कुछ नहीं है। हम सब शांति और अमन पसंद लोग हैं।

- रफीक

मोहल्ले में इतनी बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स कभी नहीं लगी थी। अपने घर आने के लिए मकान का पता बताना पड़ा। चंद लोगों के पूरे मोहल्ले के लोगों को परेशानी हुई।

- राजेंद्र शर्मा

प्रापर्टी डीलर पर लगा आरोप

शुरूआती दौर पर पूजा पाठ का विरोध करने वाले जिस प्रॉपर्टी डीलर का नाम प्रकाश में आया था वह मकान में ताला बंद कर गायब हो गया। हकीकत में जब तफ्तीश की गई तो प्रापर्टी डीलर और उसके रिश्तेदार पत्रकारपुरम् चौराहे पर राखी और जन्माष्टमी के मौके पर दुकान लगाते हैं।