आगरा। थाना एत्माद्उद्दौला क्षेत्र स्थित कटरा बजीर खां में मजदूर की हत्या के बाद क्षेत्र में बवाल हो गया। मौके पर मय फोर्स के पहुंचे एसएसपी राजेश मोदक ने स्थिति पर नियंत्रण किया। लेकिन इसके बाद भी क्षेत्र में तनाव बना हुआ था। रात में पुलिस बल क्षेत्र में तैनात बना रहा। आरोपी के घर के पास भी पुलिस बल लगाया गया चूंकि रात में लोग कुछ भी कर सकते थे। दोपहर में मृतक का शव घर पहुंचा तो चीत्कार मच गया। पुलिस ने आरोपी के पिता को जेल भेज दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

सौ रुपये के पीछे की थी हत्या

कटराद्वजीर खां क्षेत्र यमुना किनारे से टिके क्षेत्र में मंगलवार की शाम मजदूर पप्पू की पीट-पीट कर हत्या करने के बाद बवाल हो गया। लोगों ने बाइकों में आग लगा दी। बवाल की सूचना पर एसएसपी मयफोर्स के मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रण करने के लिए पुलिस को फायर भी करना पड़ा लाठियां भी भांजनी पड़ी। आरोपी मौके से फरार हो गया जबकि उसके पिता को अरेस्ट कर लिया गया।

रात में क्षेत्र मे तनाव

मामला शांत होने के बाद भी तनाव बरकरार था। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया। रात में भी स्थिति संवेदनशील थी। लोग कुछ भी कर सकते थे। आरोपी का घर लोगों के निशाने पर था। उसमें परिजन भी थे। बताया गया है कि पुलिस ने रात को किसी समय आरोपी के परिवार की महिलाओं को वहां से निकाल दिया था। आरोपी के घर के पास भी पुलिस बल निगाह बनाए हुए था।

पहले दिया पत्नी को दिया धक्का

लोगों ने बताया कि जिस दौरान पप्पू से विवाद हुआ था उस दौरान उसकी गर्भवती पत्नी व घर की एक महिला वहां मौजूद थी। हमलावर ने पत्नी को धक्का दे दिया। उसके बाद ही पप्पू को मौत के घाट उतार दिया। पप्पू की पीठ में कूबड़ था। पिटाई करने वालों ने उस पर चोट की थी। पप्पू ने मात्र अपनी मजूरी का रुपया मांगा था लेकिन यह नहीं पता था कि वह जान से मार देंगे।

पत्नी है तीन माह की गर्भवती

पांच बच्चों के साथ आंखों में आंसू लिए बस यही सोच रही है कि दुनिया में आने से पहले ही गर्भ में पल रहे बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। घर में चार छोटे-छोटे बच्चों को देख मां की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।