- सच्चाई की राह पर चलने का मांगा भाइयों से वचन

- जेल में भी शुभ मुहूर्त में राखी बांधने की मची रही होड़

मेरठ : जेल में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधते ही कई बहनों की आंखें नम हो गईं। उन्होंने भाइयों का टीका करते वक्त उन्हें सच्चाई की राह पर चलने की कसम भी दिलाई। जेल में तीन हजार महिलाओं व युवतियों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी।

जेल में काट रहे हैं सजा

चौधरी चरण सिंह कारागार में इस समय 2600 के करीब बंदी विभिन्न धाराओं में सजा काट रहे हैं। रक्षा बंधन पर्व पर सुबह छह बजे हजारों की तादाद में बहनें हाथों में राखी और मिठाई लेकर जेल के गेट पर पहुंची। इसके बाद रक्षा बंधन के शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तीन हजार बहनों ने अपने भाइयों की कलाई में रक्षा सूत्र बांधकर रक्षा बंधन का पर्व मनाया। इसके साथ उन्हें कसम भी दिलाई कि वह हमेशा सच की राह पर चलेंगे। वहीं कई बंदियों ने दोस्तों की बहनों से राखी बांधवाई ।

सोमवार को रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए पांच राउंड में महिलाओं व युवतियों की मुलाकात कराई गई। जिसमें लगभग तीन हजार महिलाओं ने जेल में बंद अपने भाइयों को राखी बांधी।

-संतराम यादव, वरिष्ठ जेल अधीक्षक

दिखाई दिया मुहूर्त का असर

जिला जेल में भी रक्षा बंधन के शुभ मुहूर्त का असर दिखाई दिया। जेल में रक्षाबंधन का पर्व मनाने आई युवतियां व महिलाओं ने शुभ मुहूर्त के समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच अपने भाइयों का मिठाई खिलाकर टींका किया।

9 से शाम 5 बजे तक था समय

रक्षा बंधन पर्व पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जेल अधिकारियों ने मिलाई का समय रखा हुआ था।

2600 - जिला कारागार में बंदी

3000 - महिलाओं ने बांधी राखी

8 घंटे- चला रक्षा बंधन का कार्यक्रम